मीरजापुर, 13 मार्च (हि.स.)। विकास खंड पहाड़ी के पथरहा गांव के पास गुरखुली नदी पर बनने वाले लघु सेतु के निर्माण कार्य का शुक्रवार शाम भूमि पूजन कर शुभारंभ किया गया। मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्य ने विधि-विधान के साथ पूजन कर करीब 1 करोड़ 44 लाख 56 हजार रुपये की लागत से बनने वाले 27 मीटर लंबे पुल तथा लगभग 200 मीटर सड़क निर्माण कार्य की आधारशिला रखी।

इस मौके पर विधायक ने कहा कि बरसात के मौसम में गुरखुली नदी का जलस्तर बढ़ जाने से इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता था। इससे आसपास के गांवों के लोगों, विद्यार्थियों, किसानों और व्यापारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। पुल बनने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और आवागमन सुगम हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ग्रामीण लंबे समय से इस पुल के निर्माण की मांग कर रहे थे, जिसे प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दिलाकर निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। पुल बनने से क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस परियोजना के तहत लगभग 1 करोड़ 44 लाख 56 हजार रुपये की लागत से सात तख्त का पुल बनाया जाएगा, जिससे पथरहा सहित आसपास के कई गांवों को सीधा लाभ मिलेगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम में प्रांतीय खंड मीरजापुर के सहायक अभियंता मान सिंह, ग्राम प्रधान ऋतु सिंह, शशि प्रकाश सिंह, राम सिंह, राणा सहित लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
