भागलपुर, 23 फ़रवरी (हि.स.)। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय के हवाले से सोमवार को बताया गया कि एसएसपी भागलपुर के निर्देशानुसार अवैध शराब, आर्म्स, मादक पदार्थ आदि की बरामदगी के लिए सघन गश्ती एवं चोरी और छिनतई के हॉट स्पॉट पर छापेमारी की जा रही है।

इसी क्रम में सूचना प्राप्त हुआ की जोगसर थाना अंतर्गत शंकर टॉकीज दीपनगर में विषहरी स्थान के पास सागर कुमार के घर में 03 व्यक्ति स्मैक की पैकिंग का काम करने वाला है। उक्त सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए एसएसपी के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक, नगर भागलपुर के निगरानी तथा पुलिस उपाधीक्षक, नगर-01 भागलपुर के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया। गठित टीम के द्वारा जोगसर थानान्तर्गत शंकर टॉकीज चौक दीपनगर के समीप पहुंचा तो देखा की सागर कुमार के घर में 03 व्यक्ति स्मैक की पैकिंग का काम कर रहे थे, जो पुलिस बल को देखकर भागने लगे जिन्हे सशस्त्र बल के सहयोग से पिछा कर सागर कुमार, बादल कुमार और घासी ठाकुर को पकड़ लिया गया।

उक्त तीनों अपराधकर्मियों से पूछ-ताछ एवं तलाशी के क्रम में 10.45 ग्राम स्मैक (ब्राउन शुगर), दो मोबाइल, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू एवं 10966 नकद रुपये बरामद किया गया। उक्त तीनों गिरफ्तार अपराधकर्मियों के विरूद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। घासी ठाकुर और बादल कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर
