– मां विंध्यवासिनी का दर्शन कर देश की तरक्की की करेंगे कामना

मीरजापुर, 10 मार्च (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा 11 मार्च को मीरजापुर आएंगे। विंध्य दरबार पहुंचकर जगविख्यात मां विंध्यवासिनी का दर्शन पूजन करेंगे और उथल-पुथल भरी दुनिया में भारत की तरक्की की कामना करेंगे। साथ ही वे कश्मीर से कन्याकुमारी तक एक सकारात्मक और विकासशील संदेश देंगे।
उप राज्यपाल सुबह 10 बजे बीएलडब्ल्यू गेस्ट हाउस वाराणसी से मीरजापुर के लिए रवाना होंगे। मीरजापुर पहुंचते ही वे आदिशक्ति जगत जननी मां विंध्यवासिनी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। मंदिर में उनका आगमन लगभग 11:30 बजे होगा और दर्शन व पूजा का कार्यक्रम 12:00 बजे तक चलेगा।
पूजा के बाद उप राज्यपाल बीएलडब्ल्यू गेस्ट हाउस वाराणसी लौटेंगे, जहां उनका आगमन दोपहर 1:30 बजे के करीब होगा। प्रशासन ने सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं। उप राज्यपाल को जेड प्लस श्रेणी की सीआरपीएफ सुरक्षा प्रदान की गई है। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने अधिकारियों को मंदिर परिसर और मार्गों पर सुरक्षा व व्यवस्थाओं के प्रति सतर्क रहने का निर्देश दिया है। अधिकारियों को कहा गया है कि उपराज्यपाल के दौरे के दौरान श्रद्धालुओं और आम जनता की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए।
इस दौरे में उप राज्यपाल का उद्देश्य न केवल धार्मिक आस्था से जुड़ा है, बल्कि वह कश्मीर से कन्याकुमारी तक एक सकारात्मक संदेश भी देंगे। प्रशासन और समाज में सौहार्द, एकता और विकास के महत्व को उजागर करेंगे। साथ ही देशभर में एकजुटता और संस्कृति की प्रेरणा देंगे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
