लखनऊ, 21 फ़रवरी (हि.स.)। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आ.) की नीतियों पर भरोसा जताते हुए शनिवार को 125 लोगों ने सदस्यता ली। उत्तर प्रदेश में पार्टी को बड़ी मजबूती मिली। प्रदेश अध्यक्ष पवन भाई गुप्ता ने बताया कि उत्तर प्रदेश में पार्टी को बड़ी मजबूती मिली है।

पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित इस कार्यक्रम में अलीगढ़, फतेहपुर, कौशांबी, बांदा, सुल्तानपुर और लखनऊ सहित कई जिलों के कार्यकर्ताओं ने पार्टी का दामन थामा। इनमें अन्य राजनीतिक दलों को छोड़कर आए प्रमुख नेता भी शामिल हैं। सदस्यता दिलवाने के बाद प्रदेश अध्यक्ष पवन भाई गुप्ता ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि हम ‘चुनाव मोड’ में आकर जनता से सीधा संवाद करें और अभी से यूपी चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नए साथियों के जुड़ने से संगठन और अधिक सशक्त होगा, जिससे हम मिलकर प्रदेश के वंचितों, शोषितों और पिछड़ों की बुलंद आवाज बनने में कामयाब होंगे।
उन्होंने बताया कि संगठन को गति देने के लिए कुछ सक्रिय कार्यकर्ताओं को मौके पर ही महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इनमें एमएल पापा और अक्षित चौधरी को अलीगढ़ जिले में मंडल अध्यक्ष बनाया गया है। ममता पाण्डेय को महामंत्री (महिला प्रकोष्ठ), लखनऊ महानगर, आशीष सिंह को जिलाध्यक्ष (किसान प्रकोष्ठ), फ़तेहपुर, देवेंद्र शिवहरे को जिलाध्यक्ष, कौशांबी, छोटू यादव को जिलाध्यक्ष, बांदा, राम अछैबर को जिला मंत्री, सुल्तानपुर और जवाहर लाल सरोज-ब्लॉक अध्यक्ष, देवसरा बनाया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह आयोजन इस बात का स्पष्ट संकेत है कि उत्तर प्रदेश में रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है। डॉ. रामदास आठवले के विजन के सक्रिय नेतृत्व में पार्टी अब जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत कर रही है। आने वाले समय में अन्य दलों के कार्यकर्ताओं का आरपीआई में शामिल होना प्रदेश की राजनीति में एक नए समीकरण की ओर इशारा करता है।—————
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक
