शिमला, 07 मार्च (हि.स.)। जिला शिमला के ननखड़ी क्षेत्र में एक 16 साल की छात्रा पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस घटना को लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस थाना ननखड़ी में पीड़िता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 6 मार्च को दोपहर करीब एक बजे वह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खुनी के पास निट्टू मोड़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान वहां दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसका रास्ता रोक लिया।
शिकायत के अनुसार दोनों युवकों ने उसके साथ मारपीट की और चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में छात्रा के बाएं हाथ में चोट लग गई। घटना के बाद छात्रा ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126(2), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है जिससे आरोपियों का जल्द पता लगाया जा सके।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा
