धमतरी, 08 फ़रवरी (हि.स.)। जिले में संचालित शासकीय और निजी सीबीएसई स्कूलों की कक्षा 10 वीं और 12 वीं की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू हो रही है। इसको लेकर विभागीय तैयारियां पूरी कर ली गई। सीबीएसई की ओर से बोर्ड परीक्षा में शामिल हो रहे विद्यार्थियों का प्रवेश पत्र जारी कर दिया गया है।

जिले में सीबीएसई के कुल 12 स्कूल संचालित है। जिसमें तीन शासकीय और नौ निजी सीबीएसई स्कूल संचालित हैं। सत्र 2025 – 26 में कक्षा 10 वीं और 12 वीं में अध्ययनरत विद्यार्थियों की वार्षिक बोर्ड परीक्षा 17 फरवरी से शुरू हो रहा है। 10 वीं की 10 मार्च और 12 वीं की बोर्ड परीक्षा नौ अप्रैल को समाप्त होगी। परीक्षा सुबह 10 : 30 बजे से डेढ़ बजे तक आयोजित होगी। शहर के निजी सीबीएसई स्कूल विद्याकुंज लोहरसी में बोर्ड परीक्षाओं को लेकर स्कूली बच्चों को विशेष तैयारियां कराई जा रही हैं। परीक्षा में आने योग्य प्रश्नों को हल करने का अभ्यास कराया जा रहा है।

सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के जिला समन्वयक एवं डीपीएस स्कूल के प्राचार्य डाॅ. नितिन शर्मा ने रविवार काे बताया कि केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अंतर्गत आने वाले स्कूलों के कक्षा 10 वीं और 12 वीं की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू हो रही हैं। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई है।
जिले में तीन परीक्षा केंद्र दिल्ली पब्लिक स्कूल सांकरा, जवाहर नवोदय विद्यालय कुरुद और मेनोनाइट इंग्लिश सीनियर सेकेंडरी स्कूल धमतरी को बनाया गया है। जिसमें कक्षा 10 वीं के 722 और 12 वीं के 646 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। जिला समन्वयक डा नितिन शर्मा ने बताया कि सीबीएसई की 10 वीं और 12 वीं बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों का प्रवेश पत्र जारी कर दिया गया है। परीक्षा केंद्रों में सुबह 10 बजे के बाद विद्यार्थियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। 10 : 30 से परीक्षा शुरू होगी। नियमित विद्यार्थियों के लिए स्कूल यूनिफार्म और आईकार्ड अनिवार्य है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी, बैठने, पेयजल और विद्युत की समुचित व्यवस्था, जनरेटर और पावर बैकअप की व्यवस्था सहित अन्य दिशा निर्देश दिए गए हैं। बोर्ड परीक्षा के प्रश्नों पत्रों का वितरण कर दिया गया है। बैंक के लाकर में प्रश्न पत्रों को रखा गया है। परीक्षा के दिन साढ़े नौ बजे केंद्राध्यक्षों को वितरित किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
