




बरेली, 20 मार्च (हि.स.) । शहर के विकास कार्यों में सुस्ती पर अब सख्ती शुरू हो गई है। महापौर डॉ. उमेश गौतम ने 196 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए साफ चेतावनी दी कि चार महीने में हर हाल में काम पूरा करो, वरना कार्रवाई तय है। बैठक में टाइड और अनटाइड फंड से चल रहे कार्यों की प्रगति पर गहन मंथन हुआ।

शुक्रवार को महापौर की अध्यक्षता में हुई बैठक में 15वें वित्त आयोग के तहत टाइड मद के 86 करोड़ और अनटाइड मद के 60 करोड़ रुपये से चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई। सात वार्डों के 11 स्वीकृत कार्यों और 33 वार्डों में चल रहे 34 कार्यों की प्रगति का आकलन किया गया। अधिकारियों से एक-एक परियोजना की स्थिति रिपोर्ट ली गई।
79 परियोजनाओं पर विभागों के साथ मंथन
30 दिसंबर 2025 को स्वीकृत करीब 79 परियोजनाओं को लेकर निर्माण, जलकल, स्वास्थ्य और लेखा विभाग के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा हुई। महापौर ने निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर देरी बर्दाश्त नहीं होगी और सभी विभाग समन्वय बनाकर काम करें। इसके अलावा बैठक में यह भी सामने आया कि शासन से जल्द ही 50 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि मिलने वाली है। इसे ध्यान में रखते हुए नए कार्यों की रणनीति भी तैयार की गई, ताकि शहर के विकास को और रफ्तार दी जा सके।
चार महीने में काम पूरा करने का अल्टीमेटम
महापौर ने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि आगामी चार महीनों में सभी परियोजनाएं हर हाल में पूरी कर ली जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनदेखी पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं जलभराव की समस्या से निपटने के लिए बदायूं रोड पर सवा किलोमीटर लंबा नाला बनाया जाएगा। इसके लिए 4 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। नगर निगम ने इसका एस्टीमेट तैयार कर लिया है। इस परियोजना से करीब डेढ़ लाख आबादी को बारिश के दौरान राहत मिलने की उम्मीद है।
2026 तक हाइटेक सिटी का लक्ष्य
नगर निगम ने शहर के विकास का बड़ा ब्लूप्रिंट तैयार किया है। इसमें सड़क, पेयजल, सीवर, ड्रेनेज, सफाई और पार्कों के विकास पर फोकस किया गया है। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन और सफाई व्यवस्था को आधुनिक बनाया जाएगा। महापौर ने कहा कि तय समयसीमा में काम पूरा कर 2026 तक बरेली को हाइटेक सिटी जैसा विकसित किया जाएगा। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, अपर नगर आयुक्त शशि भूषण राय, मुख्य अभियंता मनीष अवस्थी, जलकल महाप्रबंधक मनोज आर्य, नगर स्वास्थ्य अधिकारी भानु प्रकाश, एक्सईएन राजीव कुमार राठी, लेखा अधिकारी हृदय नारायण सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
