पलामू, 18 अप्रैल (हि.स.)। पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग चार किलोग्राम अफीम बरामद की है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जिसकी बाजार कीमत 20 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित एक विशेष टीम ने शनिवार को केदल गांव निवासी शंकर सिंह (59वर्ष) के घर पर छापेमारी की। यह कार्रवाई अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी लेस्लीगंज मनोज कुमार झा के नेतृत्व में की गई।
छापेमारी के दौरान घर की गहन तलाशी ली गई। इस दौरान खपरैल के मकान के छज्जे में छिपाकर रखे गए दो स्टील के डिब्बों से अफीम बरामद हुई। मनातू थाना प्रभारी विक्की कुमार के अनुसार, बरामद अफीम का कुल वजन 4.030 किलोग्राम है।
पुलिस ने मौके से ही आरोपी शंकर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार शंकर सिंह ने अफीम बेचकर अगले महीने बेटे की शादी धूमधाम से करने वाला था। शंकर ने अफीम की खेती थी एवं तैयार होने पर उसे जमा करके रखा था। बेचने की तैयारी में था। इससे पहले की पुलिस को इसकी भनक लग गयी। अफीम बरामद होने से शंकर की उम्मीदों पर पानी फिर गया है। परिजन धूमधाम से बेटे की शादी करने को लेकर चिंतित हो गए हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार
