
डिजिटल टीम, रांची। झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन आम लोगों की परेशानियों पर तत्काल एक्शन लेते हैं। इसकी बानगी शनिवार को भी देखने को मिली। दरअसल, प्रदेश के पलामू के मेदनीनगर (डालटेनगंज) का रहने वाला एक युवा भूमाफिया से काफी परेशान था। उसने स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों से इसके खिलाफ कार्रवाई करने की लगातार अपील की। लेकिन उसकी शिकायतों को लगातार अनसुना किया जाता रहा। जिसके बाद इस युवक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्वीटर पर सीएम सोरेन से न्याय की गुहार लगाई। सीएम ने इस युवक की परेशानियों को तत्काल दूर करने के लिए झारखंड पुलिस को अपने ट्वीट में टैग कर मामले का तत्काल संज्ञान लेने और उचित कार्यवाही करते हुए इसकी सूचना देने का निर्देश दिया।

जानिए क्या है मामला
दरअसल, डालटेनगंज के रहने वाले अमन पांडे भूमाफिया के कारण कई दिनों से काफी परेशान थे। इस मामले में प्रशासनिक अधिकारियों से लगातार न्याय की गुहार लगा रहे थे। थक हार कर उन्होंने ट्वीटर का सहारा लिया। अपने एक पोस्ट में उन्होंने अपनी समस्या लिखी और सीएम के अलावा पलामू के डीआईजी और डीसी को टैग किया। जिसके बाद इस मामले में प्रदेश के सीएम हेमंत सोरेन ने झारखंड पुलिस से कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। जिसके बाद पलामू पुलिस ने अपने ट्वीटर अकाउंट के माध्यम से जानकारी दी है कि पलामू एसपी को मामले का संज्ञान लेकर त्वरित आवश्यक कार्रवाई कर सूचित करने के लिए निर्देशित किया गया है।

