
राम अवतार चौधरी, डेहरी-ऑन-सोन (रोहतास)। रोहतास के नवनियुक्त एसपी आशीष भारती बुधवार को पूरी तरह एक्शन मोड में दिखे। पुलिस कप्तान ने जिला पुलिस मुख्यालय डेहरी के सबसे महत्वपूर्ण पाली रोड में बुधवार देर शाम पैदल गश्त की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने आम लोगों से जानकारियों भी ली। एसपी ने जिले के सभी पुलिस पदाधिकारियों को अपराध नियंत्रण, यातायाता व्यवस्था और विधि व्यवस्था को सही करने के लिए नियमित तौर पर नियमित पैदल गश्त करने को कहा है। एसपी आशीष भारती ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जिले के हर थाना क्षेत्र में नियमित तौर पर पैदल गश्ती करने का निर्देश दिया गया है। जिससे अपराध पर नियंत्रण कायम हो सके।उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस बल हमेशा मुश्तैद रहेगा। इसके लिए शहर की पार्कों और कोचिंग संस्थानों के आस-पास पुलिसकर्मी हमेशा गश्त करेंगे।
इसके अलावा एसपी ने अपराध नियंत्रण, विधि व्यवस्था संधारण, यातायात संधारण तथा जन समस्याओं के निराकरण के लिए रोको टोको अभियान चलाने के साथ साथ नियमित तौर पर वाहनों की जांच करने का निर्देश दिया है। पुलिस और आम लोगों के बीच बेहतर समन्वय के लिए भी रोहतास एसपी ने पहल की है। पुलिस अधिकारियों को पब्लिक से लगातार संवाद करने का निर्देश दिया गया है। जिससे पुलिस के प्रति आम लोगों का भरोसा हमेशा कामय रहे। एसपी ने जिले के हर थानाध्यक्षों को कहा है कि आम लोगों की समस्याओं को तत्काल निपटारा करने की पहल करें।
