
दूध की जगह घास (दूब) का रस पीकर करती है प्रैक्टिस की शुरुआत
विजय कुमार पाठक, नौहट्टा संवाददाता, रोहतास। कौन कहता है आसमां में सुराख नहीं हो सकता, एक पत्थर तो तबीत से उछालो यारो। रोहतास जिले की रहने वाली एक बेटी यह लाइन चरितार्थ करते हुए दिख रही हैं। दरअसल, नौहट्टा के चुटिया की रहने वाली शोभा का चयन चंडीगढ में होने वाले नेशनल लेवल के एथलेटिक्स प्रतियोगिता में हुआ है। मजदूर की बेटी शोभा की इस सफलता से परिवार के लोगों में काफी खुशी है। शोभा डेहरी के नेहरु कॉलेज में इंटरमीडिएड की छात्रा है। इस कार्य में जब शोभा को आर्थिक समस्या होने लगी तो जेडीयू के नेता आलोक सिंह ने मदद का हाथ बढ़ाया। इससे साफ होता है कि प्रतिभावान खिलाड़ियों को समाज के लोग प्रोत्साहित करने में किसी भी तरह का कसर नहीं छोड़ते।
चुटिया थाना क्षेत्र के पड़रिया की रहने वाली शोभा के पिता भूपेंद्र चौधरी मजदूरी का काम करते हैं। उसे बिहार एथलेटिक्स में तीन फरवरी को गोल्ड मेडल मिला है और इसी महीने 21 फरवरी को चंडीगढ मे होने वाले नेशनल लेबल के दौड़ में वो शामिल होने जा रही है। स्थानीय सरकारी स्कूल में आठवीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद चुटिया हाईस्कूल में आयोजित दौड़ प्रतियोगिता में उसे पहला स्थान मिला। जिसके बाद उसकी काफी प्रशंसा की गई औऱ उनके शिक्षकों ने उसे इसका नियमित अभ्यास करने की सलाह दी।

इस तरह रोज करती है अभ्यास
रोहतास के सुदुरवर्ती दक्षिण के तरफ की रहने वाली शोभा हर दिन सुबह सोन नदी तक दौड़ लगाती है। उसके हर दिन की रुटीन में नौहट्टा की 6 किलोमीटर की दौड़ भी शामिल है। इसके अलावा हर रोज उसे 4 घंटे का समय व्यायाम देना होता है। कोच विनय कृष्ण उसे लगातार इसके लिए प्रेरित किया। जिसके बाद उसने नवादा मे आयोजित बिहार एथलेटिक्स में गोल्डमेडल प्राप्त किया।

खाने पीने की नहीं है भरपुर सुविधा, फिर भी हौसला है बुलंद
खिलाड़ियों के हर दिन का डायट प्लान तैयार किया जाता है। लेकिन आर्थिक तंगी से जुझ रही शोभा को इसका रत्ती भर अफसोश नहीं। एथलेटिक्स में बेहतर करने के लिए उसके हौलसे बुलंद हैं। हमारे संवाददाता से बातचीत में शोभा ने बताया कि वो दूध नहीं मिलने पर सुबह के समय दूब पीस कर पीती है। चंडीगढ में प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आर्थिक तंगी होने पर जेडीयू नेता आलोक कुमार सिंह ने मदद की पहल की है। अब शोभा और उसके कोच बनारस से हवाई जहाज से चंडीगढ़ जाएंगे। शोभा फिलहाल डेहरी के नेहरू कॉलेज में इटरमीडियट की पढ़ाई कर रही है।
राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने दी बधाई
शोभा के इस संघर्ष और सफलता पर विधायक मुरारी गौतम, पूर्व विधायक ललन पासवान, श्याम बिहारी राम, सांसद छेदी पासवान, रमेश चंद्र चौबे, पूर्व मुखिया उम्मत रसूल ने बहुत सारी बधाई दी है। साथ ही कहा है कि इस इलाके की प्रतिभावान खिलाड़ी के मंजिल पहुचने में जो भी समस्या आएगी उसमें वो सभी हर कदम पर साथ देंगे।
