
विजय कुमार पाठक, नौहट्टा संवाददाता (रोहतास)। वीआईपी पार्टी के नेता लल्लू चौधरी ने गुरुवार को नौहट्टा प्रखंड क्षेत्र के पडरिया गांव की एथलेटिक्स शोभा को सम्मानित किया। शोभा ने पिछले 21 फरवरी को चंढीगढ़ में आयोजित नेशनल एथलेटिक्स में भाग लिया था। मीडियाकर्मियों से बातचीत में जिलाध्यक्ष ने कहा कि शोभा ने एथलेटिक्स प्रतियोगिता में बिहार में विजेता बनकर और नेशनल लेवल में बेहतर प्रदर्शन कर निषाद समाज का नाम रौशन किया है। वीआईपी पार्टी के जिलाध्यक्ष ने शोभा के पिता भूपेंद्र चौधरी को किसी भी तरह की परेशानी होने पर सहयोग का वादा किया है। उन्होंने कहा कि उसे अपने लक्ष्य को प्राप्त करने में किसी भी तरह समस्या नहीं होने दिया जाएगा।

शोभा ने किया समाज और जिले का नाम रौशन
जिलाध्यक्ष ने कहा कि शोभा ने अपने समाज और रोहतास जिले का नाम रौशन किया। इतनी प्रतिभावान खिलाड़ी को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। गौरतलब है कि पिछले महिने नवादा में हुए एथलेटिक्स मे शोभा ने गोल्ड मेडल जीता था। जबकि 21 फरवरी को चंडीगढ़ में आयोजित 4000 मीटर की दौड़ में उसे 31वां स्थान मिला। शोभा को इसके लिए काफी मेहनत करनी पड़ी थी।
मीडिया में खबर आने के बाद मदद के लिए बढाया हाथ
खबरचीबंदर न्यूज पोर्टल ने इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। प्रतिभावन और मेधावी खिलाड़ी को सहयोग करने के लिए जेडीयू के नेता आलोक सिंह आगे आए थे। उन्होंने अपने प्रतिनिधि उम्मत रसुल के माध्यम से उसे प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आर्थिक सहयोग किया था। लगातार प्रैक्टिस करने के दौरान शोभा को परिवार के लोग दूध भी उपलब्ध नहीं करा पा रहे थे। इस कारण उसे दूब का रस पीकर प्रैक्टिस करना पड़ रहा था। मीडिया में आई खबरों के बाद राजनीतिक दलों के नेता सहयोग के लिए आगे आ रहे हैं। इस मौके पर पूर्व मुखिया उम्मत रसूल, रामपुकार साह, प्रवेश कुमार आदि मौजूद थे।
