
डिजिटल टीम, रांची। गढ़वा जिले के मेराल थाना क्षेत्र के मझिआंव रोड में हारन दुबे पहाड़ी के पास पिछले 24 मार्च की रात लूटपाट की घटना हुई थी। इसमें संलिप्त पांच लुटेरों को मेराल थाना पुलिस ने धर दबोचा है। बता दें कि इस घटना में लुटेरों की पिटाई से गढ़वा के रहने वाले जफर खान की मौत गो गई थी। बुधवार को थाना परिसर में एक प्रेस वार्ता के दौरान इसकी जानकारी एसडीपीओ अवध कुमार यादव ने दी। उन्होंने बताया कि 24 मार्च की रात पेशे से ताईद जफर खान एख रिश्तेदार के साथ कामत गांव में किसी कार्यक्रम में शामिल होने के वापस लौट रहे थे। लौटने के दौरान पहले से हारन दुबे पहाड़ी के पास घात लगाए लूटेरों ने मोटरसाइकिल सवार जफर पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया था। इस कारण जफर खान बुरी तरह घायल हो गए। घटना के कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई थी। इस दौरान लातेहार जिले के बरवाडीह के रहने वाले उनके रिश्तेदार घायल हो गए थे। इस घटना में मृतक के परिजनों ने मेराल थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी।
एसडीपीओ ने बताया कि मेराल पुलिस तथा अनुसंधान इकाई गढ़वा पुलिस ने अभियान के दौरान मेराल थाना क्षेत्र के खोलरा गांव के रहने वाले राहुल चौधरी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी ने इस घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकारी। उसकी निशानदेही पर इसमें शामिल चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एसडीपीओ के अनुसार, पुलिस ने मुन्ना उर्फ कुलदीप चौधरी, प्रहलाद चौधरी, मनीष विश्वकर्मा, ऋषि कुमार को गिरफ्चार किया है। घटना की पूरी जानकारी गिरफ्तार अपराधियों ने पुलिस को दी है।
