
डेहरी. आम आदमी पार्टी डेहरी विधानसभा के प्रभारी गोपाल कृष्ण राय ने बताया कि पार्टी के बिहार प्रभारी एवं बुराड़ी (दिल्ली) के विधायक संजीव झा 18 अगस्त मंगलवार को कार्यकर्ता संवाद एवं संगठन समीक्षा बैठक के लिए डेहरी ऑन सोन आ रहे हैं। बैठक आम आदमी पार्टी कार्यालय, अयोध्या भवन, कुशवाहा भवन के पास, डेहरी ऑन सोन में 10:30 बजे से शुरू होगी। उन्होंने कहा कि वर्षों से रेलवे ने डालमियानगर उद्योग समूह ले रखा है, परन्तु अभी तक कारखाना प्रारंभ नहीं किया गया है। केंद्र और बिहार सरकार दोनों ने इस क्षेत्र को उपेक्षित कर रखा है। दोनों सरकारों से हमारी मांग है कि डालमियानगर में रेल कारखाना जल्द शुरू कराएं। केंद्र सरकार रेल कारखाना शुरू करने की बात चुनाव में करती है परन्तु बजट में प्रावधान नहीं करती।
शाहाबाद प्रमंडल कागजों में वर्षों से बनकर तैयार है, परन्तु आज भी यह पटना प्रमंडल से ही संचालित हो रहा है। शाहाबाद क्षेत्र में प्रमंडलीय कार्यालय खोलने में सरकार कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रही है। सोन तटीय प्रखंडों को शामिल करते हुए डेहरी को जिला बनाने की जरूरत है, ताकि क्षेत्र के विकास को गति मिल सके। डेहरी बंजारी रेल लाइन सरकार कागजों में बनाकर बैठी है। इसके लिए बजट में पर्याप्त प्रावधान नहीं किया जा रहा है।
नगर परिषदों में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। सासाराम नगर निगम बन चुका है। सासाराम मुख्य पार्षद की भ्रष्टाचार के मामले में गिरफतारी भी हुई, लेकिन पुलिस, प्रशासन और सरकार भ्रष्टाचार में शामिल कार्यपालक पदाधिकारी को संरक्षण और छूट देते रहे हैं। ऐसे तो भ्रष्टाचार पर अंकुश नहीं लग सकता।
पंचायत एवं नगर निकाय की व्यवस्था में भी सुधार की आवश्यकता है। पार्टी का संगठन पंचायत एवं नगर वार्ड स्तर तक विस्तार किया जा रहा है। चुनाव में अच्छे लोगों की मदद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक करेंगे। उपरोक्त सभी मुद्दों पर चर्चा कर निर्णय लिया जाएगा।
