
जय प्रकाश मौर्य, डेहरी-ऑन-सोन (रोहतास)। रोहतास के डीएम धर्मेंद्र कुमार पूरे प्रशासनिक अमले के साथ डेहरी प्रखंड के भैंसहा पंचायत आज पहुंचने वाले हैं। शाम 4 बजे से लेकर अगले दिन यानी रविवार दोपहर तक कलेक्टर साहब पंचायत में मौजूद रहेंगे। इसकी जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों के चेहरे पर हर्ष का माहौल है। कलेक्टर साहब के आगमन की जानकारी मिलने के बाद सभी फूले नहीं समा रहे हैं।
जिला परिषद सदस्य और जदयू के जिलाध्यक्ष अजय कुशवाहा कहते हैं कि सूबे के मुखिया नीतीश कुमार समाज के हर वर्ग के विकास का सपनों को पूरा करने के लिए दिन रात काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांव के विकास से ही प्रदेश का विकास हो सकता है। इस यात्रा से एक सकारात्मक संदेश ग्रामीणों के बीच जाएगा। उनका मानना है कि वरीय सरकारी अधिकारियों की मौजूदगी से स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याओं का आसानी से निपटारा हो सकेगा।
भलुआड़ी गांव के रहने वाले त्रिलोकी शर्मा ने कहा कि पंचायत में डीएम के आने की सूचना मिलने क बाद वो काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि गांव के नाली, सड़क और बच्चों की शिक्षा संबंधित समस्याओं को आसानी से वे लोग डीएम के पास रख पाएंगे।
एलआईसी एजेंट अमरजीत शर्मा ने कहा कि गांवों के लोगों को सरकारी कामकाज के निपटारे में काफी समस्या होती है। इसमें समय भी जाता है। उन्होंने उम्मीद जताई की यह समस्या काफी हद तक दूर होगी।
बीजेपी नेता कृष्णा तिवारी का कहना है कि ग्राम स्वराज की परिकल्पाना तभी सार्थक होगी जब पंचायतों की सशक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में प्रदेश में महात्मा गांधी का स्वपन्न चरितार्थ होता दिख रहा है।
पूर्व मुखिया गुप्तेश्वर कुशवाहा ने कहा कि स्थानीय स्तर पर लोगों को समस्याओं के निपटारे के लिए लगातार प्रखंड कार्यालय और अन्य जगहों पर लगातार चक्कर लगाना पड़ता है। जिले के वरीय प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में वो आसानी से अपनी समस्याओं को लोगों को बता सकेंगे। इसके साथ ही अधिकारियों को समस्याओं को धरातल पर जानने में मदद मिलेगी।
