
राजीव पाण्डेय, रामगढ़ (कैमूर)। राष्ट्रीय जनता दल के दिग्गज नेता जगदानंद सिंह के रास्ते पर उनके विधायक बेटे सुधाकर सिंह चल रहे हैं। इलाके के विकास के लिए लगातार सक्रिय रहने वाले सुधाकर शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। लंबे समय तक रामगढ़ विधानसभा का प्रतिनिधित्व करने वाले उनके पिता ने महिला शिक्षा के उत्थान के लिए लगातार प्रयास किया था। जल संसाधन मंत्री रहने के दौरान उन्होंने किसानों को सिंचाई में होने वाली समस्या सुलझाई। उनकी राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने वाले सुधाकर सिंह उनके नक्शेकदम पर चलने का प्रयास कर रहे हैं।
विद्यालयों का भ्रमण कर शिक्षा-आधारभूत संरचना की ले रहे जानकारी
पिछले कई दिनों से पूरे विधानसभा क्षेत्र के हर स्तर के सरकारी विद्यालयों का वे भ्रमण कर रहे हैं। इस दौरान छात्रों, शिक्षकों और ग्रामीणों से समस्याओं को जानने और हल करने का प्रयास कर रहे हैं। इसी क्रम में विधायक नुआंव प्रखंड अंतर्गत +2 सर्वोदय उच्च विद्यालय, गुड़िया का निरीक्षण किये। उन्होंने छात्रों के साथ संवाद भी किया।
केबी न्यूज से बातचीत में उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण का दायित्व शिक्षकों के पास है। देश के भविष्य को योग्य शिक्षिक गढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि आधारभूत संरचना के विकास औऱ शैक्षणिक गुणवत्ता पर विशेष ध्यान कर इस समस्या को समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विकसित बिहार का सपना तभी सार्थक होगा जब इसका महत्व हर कोई समझे।
आरजेडी के दिग्गज नेता जगदानंद सिंह ने किया था ये सार्थक प्रयास
आरजेडी के दिग्गज नेता जगदानंद सिंह ने रामगढ़ प्रखंड में महिला शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए ग्राम भारती महाविद्यालय स्थापित कराया। इसके अलावा आदर्श बालिका उच्च विद्यालय का निर्माण उनके जनप्रतिनिधि रहने के दौरान हुआ था। इस पहल के कारण उन्हें ना केवल अपने क्षेत्र में बल्कि पूरे प्रदेश में ख्याति मिली थी।
