
सासाराम (रोहतास) बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने पर राजद नेता संजय सिंह ने मुख्यमंत्री नितीश कुमार, उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और राजद नेता तेज प्रताप यादव को बधाई देते हुए खुशी जाहिर की। संजय सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार हर मोर्चे पर फेल हो रही थी। बिहार को उसका वाजिब हक नहीं दे रही थी। हम लोग सड़क पर आंदोलन कर रहे थे। मोदी की नीति फूट डालो और राज करो की है। सीएम नीतीश कुमार ने इस बात को सही समय पर समझ कर लोकतांत्रिक मूल्यों को बचाने के लिए उचित निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि हमारी मांगे चाहे विशेष राज्य का दर्जा हो, पटना विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा देने की बात हो, पीएम मोदी नहीं माने। उन्होंने कहा कि यह सरकार विकास की नई लकीर खींच आएगी। बिहार में भी भाजपा खरीद-फरोख्त कर सांप्रदायिक ध्रुवीकरण करना चाहती थी। बताते चलें कि बिहार में एक बार फिर महागठबंधन की सरकार बन गई है। नीतीश कुमार ने बुधवार को 8 वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली और तेजस्वी यादव की भी उपमुख्यमंत्री की ताजपोशी हुई। इससे पहले मंगलवार को नीतीश कुमार ने भाजपा को झटका देते हुए गठबंधन तोड़ने का ऐलान कर दिया था।