
नई दिल्ली, 23 फरवरी (हि.स.)। उत्तर-पश्चिम दिल्ली के महेंद्र पार्क इलाके में एक व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान राम प्रवेश पासवान (47) के रूप में हुई। तड़के आजादपुर सब्जी मंडी, बस स्टैंड के पास राम प्रवेश खून से लथपथ हालत में मिले थे। पुलिस उनको नजदीकी अस्पताल ले गई, जहां उनको मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जांच के दौरान पुलिस को घटना पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद मिली। उसके आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। क्राइम टीम के अलावा एफएसएल की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। सीसीटीवी कैमरों के अलावा पुलिस राम प्रवेश के मोबाइल सीडीआर से भी पड़ताल कर रही है। इस बात का भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इतनी सुबह राम प्रवेश यहां क्या करने आए थे।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया है। परिजनों से पूछताछ कर इस बात का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि राम प्रवेश की कहीं किसी से कोई रंजिश तो नहीं थी। पुलिस उनके साथ लूटपाट की बात से इंकार कर रही है। उनका मोबाइल व जेब का बाकी सामान ज्यों का त्यों मिला है।
पुलिस के मुताबिक मूलरूप से मुजफ्फरपुर, बिहार के रहने वाले राम प्रवेश अपने परिवार के साथ तिग्गीपुर, बख्तावरपुर, दिल्ली में रहते थे। इनके परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटे व एक बेटी हैं। एक बेटा-बेटी की यह शादी कर चुके हैं। राम प्रवेश छोटा-मोटा काम करते थे। मंगलवार शाम को यह किसी काम से बाहर निकले थे। इसके बाद यह वापस घर नहीं लौटे।
परिवार इनकी तलाश कर ही रहा था कि बुधवार तड़के 3.53 बजे पुलिस को सूचना मिली कि खून से लथपथ एक व्यक्ति आजादपुर सब्जी मंडी बस स्टैंड के पास पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। जेब से मिले कागजातों के आधार पर उसकी पहचान हुई। जांच के दौरान सीसीटीवी कैमरे में कुछ लोग उस पर हमला करते दिखे।
अब पुलिस इस बात का पता करने का प्रयास कर रही है कि हमलावर कौन थे और उन्होंने राम प्रवेश को क्यों मारा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपितों के खिलाफ उनको सबूत मिले हैं, उसके आधार पर उनके ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
