
संवाददाता, सासाराम. सासाराम में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ‘जन सत्याग्रह सह जेल भरो अभियान’ कार्यक्रम के तहत सासाराम के समाहरणालय पर प्रदर्शन किया। इससे पहले कार्यकर्ताओं ने पूरे नगर में विरोध मार्च निकाला। कार्यकर्ताओं ने बताया कि ‘भाजपा भगाओ-देश बचाओ- नया भारत बनाओ’ अभियान के तहत पूरे देश में सीपीआई के कार्यकर्ता आज सड़क पर उतरे हैं तथा भारतीय जनता पार्टी की सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किए हैं। लोगो ने बताया कि आज पूरे देश में महंगाई चरम पर है। गरीबों की सुनवाई नहीं हो रही है। सरकार पूंजीपति के इशारे पर काम कर रही हैं। जनता के सरोकार से सरकार को कोई मतलब नहीं है। इन तमाम मुद्दों को लेकर सीपीआई ने सासाराम में भी प्रदर्शन किया है।