
डिजिटल टीम, सासाराम। अगर आप पौधारोपण में रुचि रखते हैं तो आपके लिए यह महत्वपूर्ण खबर है। बिहार सरकार पूरे प्रदेश में जल जीवन हरियाली अभियान चला रहा है। इस दौरान पर्यावरण को हरा भरा रखने का प्रयास किया जा रहा है। डीएफओ मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि जिले के किसानों को अपनी निजी भूमि पर पौधारोपण करने के लिए दस रुपय में एक पौधा खरीद सकते हैं। अगर ये पौधे तीन साल तक जीवित रहते हैं तो संबंधित किसान के खाते में 70 रुपय प्रति पौधे के दर से बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए जाएंगे। सरकारी संस्थाओं को 1000 पौधा फ्री में वन प्रमंडल पदाधिकारी उपलब्ध करा रहे हैं। जबकि एनजीओ को 100 पौधे बिना किसी शुल्क के उपलब्ध कराए जाएंगे। मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल को 1500 पौधों का आवंटन बिना किसी शुल्क के किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कोई भी छात्र दो पौधे बिना किसी शुल्क के प्राप्त कर सकता है। इसके अलावा हर शहर के चौक चौराहों और पंचायतों में 10 रुपये पर पौधे उपलब्ध कराने की योजना है। उन्होंने बताया कि जिला समहाराणलय स्थित अस्थाई पौधा बिक्री केंद्र पर आम जनता और किसानों को केवल इसी दर से पौधा उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा विभागीय पौधशाला में भी जाकर आम लोग और किसान इस सेवा का उपयोग कर सकते हैं।