
बिक्रमगंज। नगर परिषद बिक्रमगंज में एनजीओ के माध्यम से कार्यरत सफाई कर्मी दंपति का बुधवार को झोपड़ी नुमा घर जलकर राख हो गया। इस घटना में कपड़ा, अनाज एवं नगदी सहित हजारों रुपए की संपत्ति जलकर राख हो गई। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। घटना के संबंध में बताया जाता है कि धनगांई वार्ड संख्या 9 नहर पुल के समीप सफाई कर्मी विनोद राम पत्नी कबूतरी देवी एवं पांच बच्चों के साथ झोपड़ी नुमा घर बनाकर रह रहा था। बुधवार की सुबह पति पत्नी काम पर निकल गए। पिछले कई दिनों से बच्चे रिश्तेदार के घर बिक्रमगंज है। सफाई कर्मी दंपति को घर से निकले कुछ समय ही हुआ था कि झोपड़ी में आग लग गई। इस घटना में घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, पंखा, मोबाइल एवं 5 हजार रुपए नगद सहित हजारों रुपए मूल्य का संपत्ति जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना फोन से विनोद राम को दी गई। वापस लौटकर जले हुए घर की स्थिति देख पति-पत्नी मूर्छित हो गए। पीड़ित दंपति असामाजिक तत्वों द्वारा घर में आग लगाए जाने की बात कर रहा है। तो वहीं दूसरी तरफ विद्युत शॉर्ट सर्किट से घर में आग लगने की लोग अनुमान लगा रहे हैं। इस घटना से सफाई कर्मी बरसात के मौसम में बेघर हो गया और अनाज सहित जरूरत की वस्तुओं का संकट छा गया।