
डिजिटल टीम, डेहरी-ऑन-सोन (रोहतास)। केबी न्यूज ने महिला कॉलेज, डेहरी-ऑन-सोन के परिसर में भोजपुरी मगही समागम का आयोजन किया। इस दौरान पटना के नाद् ग्रुप ने नाटक का मंचन किया। भोजपुरी के विख्यात गायक रामेश्वर गोप के गायन से श्रोता मंत्रमुग्ध हो गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय लोक जनता दल के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने आयोजकों को इसकी बधाई दी। उन्होंने कहा कि भोजपुरी को आठवीं अनुसूची में शामिल करने के लिए आपके ताकत की जरूरत है। मैं इसके लिए अथक प्रयास करुंगा। इस दौरान विशिष्ट अतिथि गुरू रहमान ने कहा कि भोजपुरी की माटी और मगध की धरती के बंधन को तोड़ने वाले लोग बिहार के प्रगति के लिए बेहतर काम कर रहे हैं। डेहरी के रहने वाले गुरू रहमान ने कहा कि एक मात्र कमल की ताकत से दुनिया को बदला जा सकता है। उन्होंने इस शहर में बिताए बचपन के दिन को याद किया। उनके वक्तव्य से तालियों की गड़गड़ाहट से हॉल गुंज उठा।
उद्घाटनकर्ता इंजीनियर विनय चंचल ने भोजपुरी के आठवीं अनुसूचि में शामिल होने में हो रही समस्या पर ध्यान आकृष्ट कराया। शिक्षाविद् अशोक कुमार सिंह ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम से लोंगों को अपनी संस्कृति को बेहतर तरीके से जोड़ने में मदद मिलती है। मंच पर विशिष्ट अतिथि के तौर पर महिला कॉलेज की प्राचार्या माधुरी सिंह, समाजसेवी और मुख्य पार्षद प्रतिनिधि गुड्डू चंद्रवंशी और संझौली की पूर्व प्रखंड प्रमुख मधु उपाध्याय शामिल रही।
विमर्श के दौरान वक्ताओं ने रखी अपनी बात
भोजपुरी भाषा और आठवीं अनुसूची के मुद्दे पर प्रख्यात भोजपुरी साहित्यकार डॉ गुरूचरण सिंह औऱ पत्रकार राणा अवधूत ने अपने विचारों को रखा। भोजपुरी पेंटिंग के विस्तार और संभावनाओं पर प्रमोट टैगोर ने सभी का ध्यान आकृष्ट कराया। मगध और मगही: संस्कृति और विरासत पर औरंगाबाद के हसपुरा के रहने वाले प्रो अलखदेव प्रसाद अचल और शंभु शरण ने लोक भाषा में इसके सरोकार, भाव, इतिहास के महत्व को लोगों के सामने रखा।
नाटक का हुआ मंचन, भोजपुरी लोक गायक ने श्रोताओं को किया मंत्रमुग्ध
पटना के थियेटर ग्रुप नाद की टीम ने भिखारी ठाकुर की प्रसिद्ध नाटक गबरघिचोर का मंचन किया। इस दौरान प्रतिष्ठित लोक गायक रामेश्वर गोप की गीतों पर मंत्रमुग्ध होकर श्रोता झूम उठे।
व्यक्तित्व को दिया गया सम्मान
बिहार के प्रतिष्ठित शिक्षाविद् डेहरी निवासी गुरू रहमान को आचार्य राजेंद्र मिश्र स्मृति सम्मान शिक्षाविद् प्रो अशोक कुमार सिंह ने दिया। पत्रकार रामजी मिश्र मनोहर स्मृति सम्मान रोहतास जिले के संझौली के पत्रकार प्रमोद टैगोर को वरिष्ठ पत्रकार उपेंद्र मिश्र ने दिया। डेहरी के प्रतिष्ठित चिकित्सक दिवंगत डॉ मुनीश्वर पाठक स्मृति सम्मान डॉ निर्मल कुशवाहा को सामाजिक कार्यकर्ता और बंदी अधिकार आंदोलन के संयोजक संतोष उपाध्याय ने दिया। केबी न्यूज ने समाज के सृजन में विशिष्ट योगदान देने वाले शख्सियत को मोमेंटों और शॉल देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले बिक्रमगंज निवासी डिवाइन पब्लिक स्कूल के अखिलेश कुमार, डेहरी के डॉ सावन कुमार निषाद, राज पटेल उर्फ बंटी को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकार चंद्रगुप्त मेहरा, जगनारायण पाण्डेय, प्रेस क्लब के अध्यक्ष सुरेंद्र तिवारी, मदन कुमार, विकास चंदन, मंजीत सिंह, ओम प्रकाश सिंह कुशवाहा, रामअवतार चौधरी, शिवगंज मध्य विद्यालय के संजय कुमार, बीजेपी नेता महेंद्र ओझा उर्फ छोटी, संजय तिवारी, संजीव कुमार, आरएलजेपी के जिलाध्यक्ष कपिल कुमार, रिंकू सोनी, तुषार चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में सामाजिक और राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता और आम लोग मौजूद थे।