
डिजिटल टीम, भभुआ (कैमूर). कैमूर जिले के दुर्गावती प्रखंड के कुछ गांव में बने आंगनबाड़ी केंद्र है तो कुछ नही है। लेकिन यहां एक दिलचस्प मामला सामने आया है। दरअसल, दुर्गावती प्रखंड में एक आंगनबाड़ी केंद्र चेहरिया पंचायत के ग्राम बहेरा के नाम पर गोपीनाथपुर में चलता है। तीन किलोमीटर दूर इसका संचालन किया जा रहा है। तो दूसरा आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन कल्याणपुर पंचायत के कल्हनुवा गांव के नाम पर ईटही में चलाया जा रहा है। जिसकी भी दूरी लगभग तीन से चार किलोमीटर होगी। इस मामले की शिकायत स्थानीय महिलाओं ने दुर्गावती उप प्रमुख प्रेम कुमार को आवेदन दे कर की।
दुर्गावती उप प्रमुख प्रेम कुमार गौड़ ने बताया कि महिलाओं की शिकायत इस संबंध में मिली है। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जाएगी। जिससे बच्चों को समस्या न हो सके।
ग्रामीण महिला किरण देवी, मीना देवी, सुमन देवी सहित अन्य ने कहा कि पोषण आहार महिलाओं को गांव में नहीं मिलता है। सुविधा की मांग पर सहायिका धमकी देती है। बताया कि संबंधित केंद्र में ग्राम बहेरा के कुछ बच्चों का नाम उनकी पंजी में रजिस्टर्ड है। लेकिन सुविधाएं नदारद है।
इस संबंध में बाल विकास पदाधिकारी सुनीता कुमारी ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत मिली है। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच की जाएगी। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई होगी।