पटना- केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा है कि पटना के खुसरुपुर में महिला को निर्वस्त्र कर पीटा गया। यह घटना चिंताजनक है। बुधवार को जारी बयान में नित्यानंद ने कहा कि बिहार की कानून व्यवस्था बद से बदतर हो चुकी है। अपराधियों का बोलबाला है। केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि बिहार जंगलराज कि ओर बढ़ रहा है। इसका सबूत महादलित समाज की महिला को निर्वस्त्र करके सरेआम पीटना है। उन्होंने कहा कि बिहार में यह कोई पहली घटना नहीं हुई है। आए दिन इस तरह की घटनाएं बिहार में हो रही हैं। खुसरुपुर पटना जिले में आता है, इसलिए यह मामला प्रकाश में आ गया । वरना दूसरे जिले में ऐसी घटनाओं को छिपा लिया जाता है। श्री राय ने आरोप लगाया कि बिहार में महादलित समाज की महिला को निर्वस्त्र कर पीटा गया और सरकार चुप है। हकीकत यह है कि बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्हें रोकने वाला कोई नहीं है। आज अगर बिहार में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, उन्हें डर के माहौल में जीना पड़ रहा है तो इसकी जिम्मेदार जदयू और राजद की सरकार है।
![](https://i0.wp.com/kbnews.in/wp-content/uploads/2024/05/JK-TYRE.jpg?fit=1059%2C883&ssl=1)