
सासाराम (रोहतास) जिले के शिवसागर प्रखंड के दुर्गा उच्च विद्यालय का निरीक्षण करने के के पाठक शुक्रवार को अचानक बिहार सरकार के शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव के के पाठक शिवसागर पहुंचे। वही बिना तय कार्यक्रम के उन्होंने स्थानीय स्कूलों का निरीक्षण किया। जहाँ उनके आने की खबर मिलते ही जिला से लेकर स्थानीय अधिकारियों मे हड़कंप मच गया।अभी के के पाठक शिवसागर कन्या मध्य विद्यालय का निरीक्षण कर ही रहे थे कि जिला पदाधिकारी समेत कई पदाधिकारियों का वाहन प्रखंड मुख्यालय पहुंच कर उनके निरीक्षण स्थल की जानकारी लेते दिखे। उसके बाद सभी पदाधिकारी मुख्यालय से कन्या मध्य विद्यालय बुके के साथ स्वागत के लिए पहुंचे। लेकिन यहां अपर सचिव क्लास में बच्चो के साथ पूरे एक्शन मे दिखे। यहां किसी को उनके स्वागत का मौका भी नहीं मिला। यहां श्री पाठक ने बच्चो से पूछा की आप छुट्टी के बाद अतिरिक्त क्लास करेंगे। बच्चो के सहमति पर उन्होंने शिक्षको से अतिरिक्त क्लास लेने की बात की। वहां स्कूल से सबंधित भूमि को लेकर स्थानीय अंचलाधिकारी से भी बात की। उसके उपरांत दुर्गा उच्च विद्यालय का उन्होंने निरीक्षण किया। यहां की व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने प्रधानाध्यापक अमृता कुमारी और शिक्षको से कहा की सभी शिक्षको को 6 घंटी लेनी जरूरी है। अगर वो खाली है तो पास के प्राथमिक विद्यालयों में जाकर क्लास ले। ऐसा नहीं करने पर वेतन कटेगी। वही मध्य विद्यालय शिवसागर की कुव्यवस्था को देखकर यहां के प्रधानाध्यापक सतेंद्र सिंह पर वह भड़क गए। कुछ सवालों के जवाब में उन्होंने कहा की कैसी भाषा है आपकी। उन्होंने शिक्षा विभाग के सहायक इंजीनियर को स्कूल के भवन की स्थिति को ठीक करने का निर्देश दिया। साथ ही जिला पदाधिकारी की उपस्थिति में सभी पदाधिकारियों को एक्शन लेने की बात कही। उसके उपरांत उन्होंने घोरघट स्थित प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। वहां उन्होंने स्कूल के अगल बगल गोबर और उपला देखकर प्रधानाध्यापक की क्लास ली और जल्द हटाने और साफ सफाई का ध्यान रखने की बात की।इसके बाद वो सीधा सासाराम निकल गए। उनके कार्यक्रम के बाद शिक्षक समेत स्थानीय पदाधिकारियों ने राहत की सांस ली। इस दौरान जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सह प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी प्रियंका कुमारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, डीडीसी रोहतास, प्रखंड विकास पदाधिकारी अशोक कुमार, अंचलाधिकारी जितेंद्र कुमार, राजस्व पदाधिकारी प्रेमलता कुमारी मौजूद थे।