
— 83 वर्षीया फूल कुमारी देवी घर में रहती थी अकेली
बिहारशरीफ : नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र अंतर्गत भगवान पुर में जेवरात चोरी करने आए बदमाशों ने शुक्रवार की रात महाबोधी कालेज नालंदा के प्राचार्य डा. अरविंद कुमार की 83 वर्षीया मां फूल कुमारी देवी की गला रेत कर हत्या कर दी। लगभग दो माह पहले पति रामचंद्र प्रसाद की मृत्यु होने के बाद फूल कुमारी देवी घर में अकेली रहती थी। ग्रामीणों के अनुसार पड़ोस का एक व्यक्ति उनकी सहायता करने आता था। प्राचार्य प्रो.अरविंद कुमार सपरिवार बिहार शरीफ में रहते हैं। उनकी मां सोने की कीमती जेवरात पहने रहती थी। प्राचार्य को पड़ोसियों ने शनिवार सुबह उनकी मां की हत्या और पहने हुए जेवरात गायब होने की सूचना दी। थानाध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि फूल कुमारी देवी की हत्या की जांच आरंभ कर दी गई है। वह कनवाली और कुछ अन्य गहने पहने थी जो गायब है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामूली जेवरात की लालच में हत्या किए जाने का मामला प्रतीत हो रहा है। गांव का ही एक मेडिकल प्रैक्टिसनर सुबह- शाम आकर भोजन पकाने में फूल कुमारी देवी की मदद करता था। वह रसोई गैस का चूल्हा जलाकर अपना घर लौट जाता था। थानाध्यक्ष ने बताया कि सभी बिंदुओं पर अनुसंधान की जा रही है। मामले के उद्भेदन में तकनीकी अनुसंधान की मदद भी ली जायेगी।
