
तिलौथू,
अभिषेक कुमार संवाददाता।
भीषण गर्मी और प्रचंड लू के कारण बढ़ते जा रहे तापमान से जहां आम जन जीवन अस्त व्यस्त है। वहीं सबसे अधिक पहाड़ी क्षेत्रों में बसे गांवों के लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। तिलौथू प्रखंड के भदोखरा, सेवही चंदनपुरा, रामड़ीहरा पंचायत की कई गांवों के पानी के लिए हाहाकार मचा है। भदोखरा पंचायत के मुखिया बिट्टू दुबे ने बताया कि पंचायत में लगे 32 सरकारी चपाकाल खराब पड़े हैं। जबकि निजी चपाकलों में पानी का लेयर नीचे जाने से शिवपुर, सैना व भरखोहा के लोग भदोखरा गांव की बोरिंग से पानी ढोकर ले जाने को विवश हैं। वहीं नल जल की स्थिति भी खराब होने के कारण लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि खराब पड़े चापाकल की मरम्मत के लिए कई बार जेई को सूचना दी गई। किंतु पीएचडी की ओर से अब तक मरम्मत करने के लिए कोई नहीं पहुंचा। मुखिया ने बताया कि पटवन के लिए लगे बोरिंग से लोग प्यास बुझा रहे हैं। चितौली पंचायत की सुपासराय, बरवाडीह आदि दलित बस्तियों में भी पानी का संकट है। रामड़ीहरा पंचायत की पहाड़ पर बसे फुलवरिया व चाकडीह में तो पानी का स्त्रोत ही बंद हो गया है। चंदनपुरा पंचायत के रेडिया, सोनपुरा , बहेरा, भीसडा आदि गांवों में दिन प्रतिदिन स्थिति दैनीय होते जा रही है।