
डिजिटल टीम, पटना। बिहार के मोतिहारी जिले के पिपरा कोठी से मजदूरों को लेकर दिल्ली जा रही एक स्लीपर बस बुधवार की सुबह दूध के टैंकर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आधी बस क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार 18 यात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं इस घटना में दर्जनों यात्री घायल हैं। यह टक्कर उत्तर प्रदेश के उन्नाव में लखनऊ–आगरा एक्सप्रेसवे पर हुई है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बांगरमऊ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले गई। पुलिस का कहना है कि बस दाएं तरफ के बजाय बाएं तरफ से ओवरटेक कर रही थी जिसके कारण ड्राइवर की लापरवाही से यह हादसा हुआ है। घटना के बाद हर तरफ चीख–पुकार मच गई है। मृतकों में 14 पुरुष, दो महिलाएं, एक लड़का और एक लड़की शामिल हैं। हालांकि अभी तक इनकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस सभी की पहचान करने में लगी हुई है। वही इस दुर्घटना में 30 से अधिक लोग घायल हैं जिनमें 17 लोगों की हालत गंभीर है। इधर इतनी बड़ी घटना होने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं बिहार के भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। वहीं उन्हें हरसंभव मदद करने का भरोसा दिलाया है।