
अभिषेक कुमार, तिलौथू। तिलौथू के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर बिहार चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के बैनर तले बुधवार को सभी संविदा पर बहाल एएनएम समेत अन्य कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। इस हड़ताल के कारण स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई है। सभी स्वास्थ्य उप केंद्रों पर ताले लटक गए हैं, जिससे मरीजों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तिलौथू के परिसर में इकट्ठा हुए स्वास्थ्यकर्मियों ने विभाग की दोहरी नीति के खिलाफ जोरदार नारे लगाए। उन्होंने “समान कार्य समान वेतन,” “एफआरएएस उपस्थित वापस लो,” और “संविदा शोषण बंद करो” जैसे नारों के साथ अपनी मांगों को प्रमुखता से रखा। इस मौके पर सुनीता कुमारी, अश्वनी कुमार वर्मा, मनीषा किस्कू, नेहा सिंह समेत दर्जनों स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे। स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की जातीं, वे अपनी हड़ताल जारी रखेंगे। उनका यह भी कहना है कि विभाग की दोहरी नीति और संविदा पर काम कर रहे कर्मचारियों का शोषण अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस हड़ताल के चलते क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं पर गहरा असर पड़ा है, और स्थानीय जनता को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।