
सासाराम (रोहतास) बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार पटना के पत्र के आलोक में तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार रोहतास, सासाराम अनुज कुमार जैन के निर्देशानुसार दिनांक 14 सितंबर 2024 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन व्यवहार न्यायालय सासाराम, अनुमण्डल न्यायालय बिक्रमगंज एवं डिहरी में होना है। राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने हेतु शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार रोहतास सासाराम के सचिव श्रीमति सुरभि श्रीवास्तव के प्रकोष्ठ में व्यवहार न्यायालय सासाराम के कर्मियों के साथ एक बैठक की गयी। जिसमें उपस्थित कर्मियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने न्यायालय से संबंधित सुलहनीय वादो में नोटिस बनाने हेतु पारा विधिक स्वयं सेवकों को अभिलेख उपलब्ध करायें। जिससे अधिक से अधिक वादों में पक्षकारों को नोटिस निर्गत किया जा सके। वहीं दूसरी बैठक जिला परिवहन पदाधिकारी रोहतास, मोटर यान निरीक्षक रोहतास सासाराम के साथ हुई। जिसमें उन्हें निर्देश दिया गया कि अपने विभाग से संबंधित सुलहनीय वादों की सूची जिला विधिक सेवा प्राधिकार रोहतास सासाराम को उपलब्ध करायें। जिससे कि वादों में पक्षकारों को नोटिस निर्गत किया जा सके। वहीं 14 सितंबर को होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने हेतु सभी को आवश्यक निर्देश दिया गया।
