
डेहरी आन सोन
हमारे लिए गर्व की बात है कि भारत की जंगे-आजादी में दमखम के साथ भाग लेने, जिन्ना के द्विराष्ट्रवाद सिद्धांत की खुलकर विरोध करने, मुसलमानों में सामाजिक बराबरी की लड़ाई लड़ने वाले अब्दुल क्यूम अंसारी का जन्म एक जुलाई 1905 को बिहार के डेहरी- आन-सोन में हुआ था। उनका निधन नासरीगंज प्रखंड के अमियावर में नहर कटाव से प्रभावित परिवार से मिलने के क्रम में 18 जनवरी 1973 को हृदयगति रुकने से हुआ था।
अब्दुल क्यूम अंसारी नगर भवन में अंसार कॉन्फ्रेंस द्वारा आयोजित स्व अंसारी के 52 वी पुण्य तिथि पर जेडीयू के जिलाध्यक्ष अजय कुशवाहा ने उक्त बाते शनिवार को कही।उन्होंने कहा कि मजहब की बुनियाद पर मुल्क के बंटवारे का विरोध करने वाले अब्दुल क्यूम अंसारी कहते थे कि हमारा मजहब जुदा-जुदा हो सकता है, लेकिन राष्ट्र एक है। हम हिंदू, मुसलमान, सिख या ईसाई हों, सभी भारत के हैं। उन्होंने नगर भवन का जीर्णोधार करने और उनकी प्रतिमा स्थापित करने की मांग मुख्यमंत्री से करने को भरोसा दिया ।
सामाजिक कार्यकर्ता पीर मुहम्मद ने कहा कि वे पसमांदा आंदोलन के सबसे लोकप्रिय नेताओं में से एक माने जाते है।
आंसर कॉफ्रेंस के अध्यक्ष मुमताज अली ने कहा कि बिहार में बैकवर्ड क्लासेज फेडरेशन की स्थापना करने वाले नेताओं में वह अग्रणी थे।उन्होंने मुस्लिम लीग और द्विराष्ट्र सिद्धांत का जबरदस्त विरोध किया। देश की स्वतंत्रता के बाद भी वह बिहार की कांग्रेस सरकारों (1946-52, 1955-57 व 1962-67) में मंत्री रहे। वे बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, कांग्रेस राष्ट्रीय कार्यकारी समिति के सदस्य और राज्यसभा के सदस्य (1970-72) भी रहे। स्व अंसारी मुल्क की एकता के लिए अंतिम दम तक लड़ते रहे। वार्ड पार्षद मुजिबुल हक ने कहा कि नगरपरिषद ने उनके नाम समर्पित नगर भवन के जीर्णोधार के लिए एक करोड़ 65 लाख की योजना की स्वीकृति मिल गई है ।जल्द ही इसकी निविदा निकलेगी।
वरिष्ठ पत्रकार उपेन्द्र मिश्र ने कहा कि अब्दुल क्यूम अंसारी पत्रकार भी थे। उन्होंने अपने जीवन के सर्जनात्मक सफर की शुरुआत सासाराम से पत्रिका हुस्न-इश्क के 1924 के प्रकाशन से की थी। 1925 में डेहरी-आन-सोन में पहला छापाखाना स्थापित कर मासिक पत्रिका अल इस्लाह का प्रकाशन शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने पटना के कई पत्र-पत्रिकाओं का प्रकाशन-संपादन किया था। पुण्य तिथि का शुभारंभ उनके तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर लोगो ने श्रद्धा सुमन अर्पित किया। श्रद्धांजलि सभा नगर कांग्रेस अध्यक्ष अरविंद सिंह,ईशान अंसारी,अख्तर अंसारी ने भी स्व अंसारी के व्यक्तित्व की चर्चा की।
