
डिजिटल टीम, डेहरी-ऑन-सोन (रोहतास)। शाहाबाद क्षेत्र ने ऐतिहासिक रुप से एनडीए को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विकास के मांगों के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। उक्त बातें बीजेपी के वरिष्ठ नेता और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बलराम मिश्र ने विशेष बातचीत के दौरान कही। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सुधार के लिए जरूरी है कि शाहाबाद को प्रमंडल घोषित किया जाए। इसके साथ ही बिक्रमगंज को जिला और नासरीगंज को अनुमंडल बनाने की जरूरत है। वहीं, काराकाट, गोड़ारी, सकला, कछवां, नटवार को नया प्रखंड बनाया जाए। उन्होंने कहा कि शाहाबाद की जीवन रेखा इंद्रपुरी जलाशय परियोजना का पुनर्निर्माण (500 मेगावाट पनबिजली उत्पादन हेतु तथा कृषि सिंचाई) के साथ ही गोड़ारी, राजपुर, नोखा, को कृषी आधारित औद्योगिक क्षेत्र घोषित किया जाए। उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मांग की गई है।
उन्होंने कहा कि शाहाबाद के विकास के लिए जरूरी है कि डालमियानगर रेल कारखाने को पूर्ण बजट देकर पुनः चालू किया जाए। बनारस-पटना (बिक्रमगंज होते हुए) इंटरसिटी ट्रेन शुरू की जाए। वहीं, सासाराम-आरा रेल मार्ग पर कोलकाता और दिल्ली के लिए नई ट्रेन सेवा शुरू की जाए। आरा से सासाराम रेलवे लाइन का दोहरीकरण किया जाए। रांची एक्सप्रेस का बिक्रमगंज में ठहराव सुनिश्चित किया जाए। शिक्षा क्षेत्र में विकास के लिए जरूरी है कि रोहतास जिले में केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना, गोड़ारी में सरकारी पॉलिटेक्निक, संझौली में आईटीआई,बिक्रमगंज में कृषि महाविद्यालय की स्थापना की जाए। वहीं, पर्यटन विकास रोहतास किला – राष्ट्रीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाए। मंझर कुंड – इको-टूरिज्म हब बनाया जाए। इंद्रपुरी जलाशय – जल क्रीड़ा और एडवेंचर टूरिज्म के लिए विकसित किया जाए। गुप्ताधाम – धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में सुविधाएं बढ़ाई जाएं। उन्होंने कहा कि ताराचंडी और भलुनी धाम – सौंदर्यीकरण और बुनियादी ढांचा सुधारा जाए। देव सूर्य मंदिर धार्मिक धरोहर स्थल के रूप में विकसित किया जाए। रोहतास-शाहाबाद पर्यटन सर्किट विकसित कर सड़क, रेल संपर्क और यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि बीजेपी के नेतृत्व वाली डबल इंजन की सरकार विकास कार्यों के लिए संकल्पित है।
