
– टिकट के नाम पर होने वाला भ्रष्टाचार किया जाएगा खत्म
नई दिल्ली, 25 मार्च (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बजट भाषण में कहा कि दिल्ली की सभी फ्री की योजनाएं चालू रहेंगी। इसके लिए बजट में धन आवंटन किया गया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की महिलाओं के लिए बसों में फ्री यात्रा के लिए कार्ड बनाएंगे। इसके बाद महिलाओं को टिकट लेने कोई जरूरत नहीं होगी। इससे टिकट के नाम पर होने वाला भ्रष्टाचार खत्म किया जाएगा।
दिल्ली में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक बस बेड़ा है, जिसमें 2,152 इलेक्ट्रिक बसें हैं। इसमें डीटीसी के तहत 1,752 इलेक्ट्रिक बसें और डिम्ट्स क्लस्टर योजना के तहत 400 इलेक्ट्रिक बसें शामिल हैं। इसके अलावा, वित्त वर्ष 2025-26 तक बेड़े में 5000 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें शामिल होने की उम्मीद है और इसका लक्ष्य वैश्विक स्तर पर दूसरा सबसे बड़ा इलेक्ट्रिक बस बेड़ा हासिल करना है।
डीएमआरसी 289 स्टेशनों के साथ 394.25 किलोमीटर मेट्रो नेटवर्क का संचालन कर रही है। चरण-4 में 03 प्राइआरिटी कॉरिडोर का 60 फीसद काम पहले ही पूरा हो चुका है। इसके साथ ही चरण-4 के बैलन्स्ट 03 कॉरिडोर अर्थात् लाजपत नगर – साकेत जी ब्लॉक, इंद्रलोक – इंद्रप्रस्थ, रिठाला बवाना नरेला – नाथूपुर (कुंडली) का काम 2025-26 में शुरू किया जाएगा। दिल्ली मेट्रो के लिए ₹2929.66 करोड़ का आवंटन किया गया है। भारत सरकार के वित्त पोषण से राजधानी में शहरी परिवहन परियोजनाओं को लागू किया जाएगा। इन केंद्रीय वित्त पोषण परियोजनाओं के लिए ₹1,000 करोड़ का आवंटन किया गया। दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन प्रणाली में सुधार के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 12,952 करोड़ का बजट परिव्यय का लक्ष्य रखा गया है।