
– 15 अप्रैल से उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों और गुजरात में गर्म हवा का एक नया दौर शुरू होने का अनुमान
नई दिल्ली, 12 अप्रैल (हि.स.)। पिछले दो दिनों से देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश सहित देश के कई राज्यों में शनिवार को भी आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है। 15 अप्रैल से उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों और गुजरात में गर्म हवा का एक नया दौर शुरू होने की संभावना व्यक्त की है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा आज अपराह्न जारी मौसम के पूर्वानुमान बुलेटिन के अनुसार शनिवार को उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में आंधी, बिजली और तेज हवा (40-50 किमी प्रति घंटे की गति) के साथ छिटपुट से लेकर काफी व्यापक हल्की अथवा मध्यम वर्षा और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अलग-अलग जगहों पर हल्की वर्षा हो सकती है। अगले 7 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर और आसपास के पूर्वी भारत में आंधी, बिजली और तेज हवा (40-50 किमी प्रति घंटे की गति) के साथ छिटपुट से लेकर काफी व्यापक हल्की/मध्यम वर्षा की संभावना है।
12 से 14 अप्रैल के दौरान मध्य भारत और महाराष्ट्र के मैदानी इलाकों में आंधी, बिजली और तेज हवा (40-50 किमी प्रति घंटे की गति) के साथ छिटपुट वर्षा की संभावना है। 12 अप्रैल को तमिलनाडु, केरल, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में, 12 -14 अप्रैल को अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में तथा 14 और 15 अप्रैल को ओडिशा में भारी वर्षा की संभावना है। 12 अप्रैल को उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में और 15 अप्रैल को झारखंड में कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना है। 12 अप्रैल को उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। 12 अप्रैल को मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बौछारें (हवा की गति 50-60 किमी प्रति घंटा) पड़ने की संभावना है।
अगले 5 दिनों के दौरान केरल और माहे में गरज, बिजली और तेज़ हवा (30-40 किमी प्रति घंटे की गति) के साथ छिटपुट से लेकर काफी व्यापक हल्की अथवा मध्यम वर्षा होने की संभावना है। अगले 3 दिनों के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी, तेलंगाना, कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा में गरज, बिजली और तेज़ हवा (40-50 किमी प्रति घंटे की गति) के साथ छिटपुट से लेकर छिटपुट हल्की/मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
तापमान पूर्वानुमान:
अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव होने की संभावना नहीं है और उसके बाद अगले 6 दिनों के दौरान 4-6 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है। अगले 48 घंटों के दौरान मध्य भारत में अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव होने की संभावना नहीं है और उसके बाद अगले 5 दिनों के दौरान 2-3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है। अगले 3 दिनों के दौरान महाराष्ट्र में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट और उसके बाद अगले 4 दिनों के दौरान 24 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान गुजरात में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट और उसके बाद अगले 6 दिनों के दौरान 2-4 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है। देश के बाकी हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है।
लू, गर्म रात और गर्म एवं आर्द्र मौसम की चेतावनी:
14 और 15 अप्रैल को पश्चिमी राजस्थान में अलग-अलग तथा कुछ स्थानों पर लू चलने की संभावना है जबकि 16-18 अप्रैल के दौरान अलग-अलग स्थानों पर भीषण लू चलने की संभावना है। 15-17 अप्रैल के दौरान गुजरात राज्य में अलग-अलग स्थानों पर लू चलने की संभावना है। 16-18 अप्रैल के दौरान पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर लू चलने की संभावना है, जबकि अलग-अलग स्थानों पर भीषण लू चलने की संभावना है।