रायबरेली, 16 जनवरी(हि. स.)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में शुक्रवार को दिनदहाड़े महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई। महिला के चिल्लाने पर आरोपित को आसपास के लोगों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस की जांच में पता चला है महिला के भतीजे ने ही लूटपाट के इरादे से हत्या की है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के बस्तेपुर मुहल्ले अनमोल तिवारी अपने पति शिक्षक स्वप्निल तिवारी और बेटी के साथ रहती थीं। उनके पति शिक्षक अभिनव तिवारी व अन्य परिवारजन किसी काम से बाहर गए हुए थे। दोपहर में एक परिचित युवक चोरी छिपे घर में घुस आया। आरोपित ने घर में आलमारी का ताला तोड़ आभूषण लूट लिए। महिला के विरोध करने पर आरोपित ने उसकी हत्या कर दी। महिला के चेहरे पर गंभीर चोट के निशान हैं।
महिला की चीख पुकार सुन स्थानीय लोग एकत्रित हो गए। उन्होंने आरोपित को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। इसके बाद महिला को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, आरोपित संतोष तिवारी, मृतका का भतीजा और ककरिहा ग्राम थाना नवाबगंज, जनपद प्रतापगढ़ का रहने वाला है।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ सदर अरुण नौहार और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में शामिल अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार का कहना है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे
