पटना, 16 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार को पटना में दो अलग-अलग स्थानों पर पारंपरिक दही-चूड़ा भोज का आयोजन किया।
राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालने के बाद यह उनका पहला बड़ा सार्वजनिक आयोजन था।
पहला भोज पटना के प्रसिद्ध ‘न्यू क्लब’ में आयोजित किया गया, जहां भारी संख्या में मीडिया कर्मियों और राज्य के वरिष्ठ नेताओं का जमावड़ा रहा। दूसरा विशेष भोज उन्होंने अपने मंत्री आवास पर आयोजित किया, जिसमें विशेष रूप से भाजपा के जमीनी कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया था।
इस आयोजन की सबसे खास बात मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी रही। मुख्यमंत्री ने न केवल भोज में शिरकत की, बल्कि बड़े ही चाव से दही-चूड़ा और तिलकुट का आनंद लिया। उनके साथ उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार, भाजपा सांसद रविशंक प्रसाद और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी मौजूद रहे।
नितिन नवीन द्वारा आयोजित इस भोज में खान-पान का विशेष ध्यान रखा गया था। मेहमानों के लिए दही, चूड़ा और गया के मशहूर तिलकुट के साथ-साथ गरमा-गरम खिचड़ी की भी व्यवस्था की गई थी। नितिन नवीन हर साल मकर संक्रांति पर इस तरह का आयोजन करते रहे हैं, लेकिन इस बार राष्ट्रीय पद की गरिमा और कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखते हुए व्यवस्था को और भी भव्य रूप दिया गया था।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी
