रांची, 18 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी, रांची महानगर जिला के तत्वावधान में रविवार को माहुरी धर्मशाला, जयप्रकाश नगर (पहाड़ी मंदिर के नीचे) में आयोजित मिलन समारोह में आजसू पार्टी के महानगर उपाध्यक्ष सुनील यादव ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।
इस अवसर पर रांची के विधायक सीपी सिंह ,भाजपा रांची महानगर जिला अध्यक्ष वरुण साहू, महामंत्री बलराम सिंह, जितेंद्र वर्मा, राजू सिंह, ललित ओझा मौजूद थे। सभी नेताओं ने सुनील यादव को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं भाजपा का पट्टा पहनाकर पार्टी में स्वागत किया।
महानगर अध्यक्ष वरुण साहू की अध्यक्षता में आहूत मिलन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सीपी सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति को नई दिशा मिली है। आज युवाओं और जनसरोकार से जुड़े नेताओं का भाजपा से जुड़ना इस बात का प्रमाण है कि जनता का विश्वास लगातार भारतीय जनता पार्टी के साथ मजबूत हो रहा है। सुनील यादव प्रारंभिक काल से ही समाज सेवा से जुड़े रहें हैं। उनके पार्टी में आने से संगठन और मजबूत होगी।
भाजपा रांची महानगर जिला अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि सुनील यादव जैसे जमीनी नेता के पार्टी में शामिल होने से संगठन और अधिक सशक्त होगा। भाजपा सबको साथ लेकर चलने वाली पार्टी है और आने वाले समय में रांची महानगर में संगठनात्मक मजबूती का यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
वहीं भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद सुनील यादव ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों, राष्ट्रवादी सोच और विकासपरक दृष्टिकोण से प्रभावित होकर समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो देश और समाज के सर्वांगीण विकास के लिए ईमानदारी से कार्य कर रही है। हम पार्टी से जुड़कर पार्टी की नीतियों को आखिरी व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
मिलन समारोह में आजसू पार्टी के बीरेंद्र सिंह, अर्चना रानी, मिथलेश यादव, सविता सिंह, सुजीत यादव सहित बड़ी संख्या में आजसू पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक भाजपा में शामिल हुए।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे
