बलरामपुर, 18 जनवरी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के लिए बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। जिले की ज्ञान गंगा हाई स्कूल, बलरामपुर की एक बस झारखंड के लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ओरसा घाटी में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। बस पलटने से मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में अब तक पांच महिलाओं की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि दर्जनों यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, ज्ञान गंगा हाई स्कूल बलरामपुर की यह बस छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से पर्यटकों को लेकर झारखंड के प्रसिद्ध लोध फॉल की ओर जा रही थी। बस में लगभग 80 लोग सवार थे। जैसे ही बस ओरसा घाटी के खतरनाक मोड़ पर पहुंची, अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि बस के नीचे कई यात्री दब गए।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस के अनुसार, अब तक पांच महिलाओं के शव बरामद किए जा चुके हैं। आशंका जताई जा रही है कि बस के नीचे अभी और लोग दबे हो सकते हैं। राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। घायलों को निकालने के लिए एंबुलेंस तत्काल रवाना की गई। बड़ी संख्या में घायलों को महुआडांड़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है, जहां अस्पताल परिसर घायलों से भर गया है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रखंड क्षेत्र के कई स्थानीय क्लिनिक के प्रैक्टिशनर भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए हैं और डॉक्टरों के साथ मिलकर घायलों के इलाज में सहयोग कर रहे हैं।
हादसे की खबर जैसे ही बलरामपुर जिले तक पहुंची, पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल बन गया। मृतकों और घायलों में अधिकांश के बलरामपुर जिले से होने की आशंका जताई जा रही है। परिजन लगातार अस्पताल और प्रशासन से संपर्क कर अपने प्रियजनों की जानकारी लेने में जुटे हैं। फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है और मृतकों व घायलों की आधिकारिक सूची की प्रतीक्षा की जा रही है। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
इस संबंध में एसडीएम विपिन कुमार दुबे ने बताया कि दुर्घटना के बाद सभी घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है और चिकित्सकों द्वारा उनकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकीय जांच पूरी होने के बाद ही मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय
