मीरजापुर, 18 जनवरी (हि.स.)। सिटी ब्लॉक के भिस्कुरी खेल मैदान में सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ रविवार को केंद्रीय राज्यमंत्री स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण व रसायन उर्वरक अनुप्रिया पटेल ने मशाल जलाकर किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व के विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। खेल न केवल शारीरिक मजबूती देते हैं, बल्कि मानसिक स्फूर्ति, अनुशासन, साहस, लगन और टीम भावना भी सिखाते हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि खेलों के माध्यम से प्रतिभाओं की पहचान होती है और आत्मविश्वास बढ़ता है। आज ग्रामीण और छोटे शहरों के खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं, जो गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खेलों के प्रबल समर्थक हैं और देशभर में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। ‘खेलो इंडिया’ और राष्ट्रीय खेल नीति जैसी योजनाओं से गांव-गांव तक खेल सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।
कार्यक्रम में छानबे विधायक रिंकी कोल, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने 800 मीटर दौड़ को हरी झंडी दिखाकर शुरू कराया। महोत्सव में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने भाग लिया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
