बेटी के घर से लौटते समय हुई थीं लापता, पुलिस जांच में जुटी
भोपाल, 19 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र में कवाबची रेस्टोरेंट के पास सोमवार सुबह एक बुजुर्ग महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। महिला के चेहरे पर चोटों के निशान पाए गए हैं। रविवार को महिला करोंद में रहने वाली बेटी के घर मिलने गई थीं और लौटते समय रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई थी।
मृतका की पहचान परवीन (61), पत्नी सईद खान के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार परवीन करोंद इलाके में रहने वाली अपनी बेटी से मिलने रविवार शाम घर से निकली थीं। उन्होंने बेटी और दामाद के साथ रात का भोजन किया और करीब रात 9:30 बजे अपने ईंटखेड़ी स्थित घर लौटने के लिए रवाना हुईं। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। देर रात तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। मोबाइल फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कॉल नहीं उठी। रिश्तेदारों और परिचितों के यहां खोजबीन के बाद थाने में भी सूचना दी गई। सोमवार तड़के कवाबची रेस्टोरेंट के पास महिला का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। प्रारंभिक तौर पर शरीर पर चोटों के निशान पाए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। परवीन आंगनबाड़ी कार्यकर्ता थीं और पिछले वर्ष सेवानिवृत्त हुई थीं। उनके छह बेटे और दो बेटियां हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार में गहरा शोक है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे
