हुगली, 19 जनवरी (हि. स.)। जिले के चुचुड़ा में एक बार फिर तृणमूल कांग्रेस के विधायक असित मजुमदार विवादों में घिर गए हैं। सोमवार को हुगली सदर महकमा शासक (एसडीओ) कार्यालय में उनके सामने ही जबरदस्त हंगामा और अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि विधायक की मौजूदगी में तृणमूल कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने फॉर्म-7 फाड़ दिए। हालांकि विधायक असित मजुमदार ने इस आरोप से इनकार करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसा कुछ नहीं देखा।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 12 बजे चुचुड़ा के विधायक असित मजुमदार अपने समर्थकों के साथ हुगली सदर एसडीओ कार्यालय पहुंचे। विधायक और उनके समर्थकों के कार्यालय की ऊपरी मंजिल पर पहुंचते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया और कुछ ही देर में स्थिति बेकाबू हो गई।
तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ता फॉर्म-7 का दुरुपयोग कर अवैध तरीके से आम लोगों के नाम एसआईआर के तहत मतदाता सूची से हटाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी के विरोध में विधायक असित मजुमदार और तृणमूल कार्यकर्ता एसडीओ कार्यालय पहुंचे थे।
आरोप है कि सुनवाई केंद्र पर जब एक व्यक्ति फॉर्म-7 जमा कर रहा था, उसी दौरान विधायक और उनके साथ मौजूद तृणमूल कार्यकर्ताओं ने फॉर्म छीनकर फाड़ दिए। इसके बाद एसडीओ कार्यालय के भीतर भारी अव्यवस्था और तनावपूर्ण हालात पैदा हो गए।
आरोप है कि मौके पर मौजूद पुलिस ने फॉर्म-7 फाड़े जाने के दौरान कोई हस्तक्षेप नहीं किया और मूकदर्शक बनी रही। हालात बिगड़ने की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल एसडीओ कार्यालय पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया गया।
वहीं, प्रदेश भाजपा सचिव दीपांजन गुहा ने आरोप लगाते हुए हिन्दुस्थान समाचार से कहा कि विधायक चुनाव हार रहे हैं। इसलिए फॉर्म-7 को फाड़ रहे हैं। फॉर्म-7 फाड़ने का मतलब है कि विधायक को यह समझ आ गया है कि उनके फर्जी मतदाताओं के नाम कट रहे हैं। वे अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं और अपने पार्षदों को लेकर गुंडागर्दी कर रहे हैं। हम चुप नहीं बैठने वाले। हम इसका पुरजोर विरोध करेंगे।
इस पूरे घटनाक्रम पर विधायक असित मजुमदार ने कहा कि क्या जबरदस्ती लोगों से उनका वोट का अधिकार छीना जा सकता है? वे लोगों के लोकतांत्रिक अधिकार छीन रहे हैं। कल सुकांत मजुमदार कह रहे थे कि हुगली लोकसभा क्षेत्र में एक लाख 26 हजार मतदाताओं के नाम काट दिए गए हैं। उन्हें यह जानकारी कहां से मिली? क्या एआरओ उनके दलाल हैं? हम जबरन वोट का अधिकार छीनने के खिलाफ हैं। हालांकि फॉर्म-7 फाड़े जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैंने ऐसा कुछ भी नहीं देखा। बार-बार पूछे जाने पर उन्होंने यही दोहराया कि उन्हें नहीं पता किसने फॉर्म फाड़े।
भारतीय जनता पार्टी के हुगली सांगठनिक जिले के अध्यक्ष गौतम चटर्जी ने बताया कि एसडीओ कार्यालय के पास पुलिस के सामने ही तृणमूल कांग्रेस के गुंडो ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया। महिलाओं तक को नहीं बख्शा गया। इस घटना में आधे दर्जन भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गए।
बहरहाल, घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ता एसडीओ के कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। खबर लिखे जाने तक भाजपा का धरना जारी था। इस घटना को लेकर हुगली में राजनीतिक तनाव चरम पर है और पूरे मामले पर प्रशासन की भूमिका को लेकर गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
