रांची, 19 जनवरी (हि.स.)। रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र के पिस्का मोड़ तेल मिल गली के पास राजधानी मान्या टावर के समीप गत 17 जनवरी की रात करीब नौ बजे हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है।
रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह घटना कांके रिंग रोड स्थित सुकरहुटू मनातु की करीब तीन एकड़ जमीन को लेकर हुई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में संजय पांडेय, आशु कुमार साहु उर्फ बबलू, जुबैर खान उर्फ अजू, संतोष कुमार गुप्ता उर्फ बाबू, पप्पु साव और रोहित पांडेय शामिल हैं।
पुलिस ने इनके पास से एक लोडेड देसी कट्टा, एक स्कॉर्पियो वाहन, सात खाली खोखे, तीन पिलेट और आठ मोबाइल फोन बरामद किए हैं। 17 जनवरी को दोपहर करीब एक बजे जमीन विवाद को लेकर आकाश सिंह और विकास सिंह गुट की संजय पांडेय, रवि यादव और आशु साव उर्फ बबलू साव गुट से मारपीट हुई थी। इसके बाद शाम में जमीन और पैसों के लेन-देन को लेकर बातचीत के उद्देश्य से दोनों पक्षों ने राजधानी मान्या टावर के पास मिलने का निर्णय लिया। पहले आकाश सिंह और विकास सिंह अपने साथियों के साथ तीन वाहनों से मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद संजय पांडेय, रवि यादव और आशु साव भी तीन गाड़ियों में अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे। बातचीत के दौरान बहस बढ़ गई और इसी क्रम में फायरिंग शुरू कर दी गई। इस गोलीबारी में आकाश सिंह के दाहिने हाथ में एक गोली लगी, जबकि विकास सिंह को छाती में दो और बाएं हाथ में एक गोली लगी। वहीं दूसरे गुट के रवि यादव को बाएं हाथ में एक गोली और मुंह के सामने छर्रे लगे हैं।
घायलों में आकाश सिंह और विकास सिंह का इलाज रिम्स, रांची में चल रहा है, जबकि रवि यादव का इलाज ऑर्किड अस्पताल में किया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल से सात खोखे बरामद किए हैं। इस मामले में सुखदेवनगर (पंडरा ओपी) कांड संख्या 23/26 दिनांक 18 जनवरी के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य अभियुक्त संजय पांडेय का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पूर्व में हत्या, रंगदारी और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। छापेमारी दल में कोतवाली डीएसपी सहित सुखदेवनगर और कोतवाली थाना के कई अधिकारी और जवान शामिल थे। पुलिस का कहना है कि इस घटना में शामिल अन्य अपराधियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे
