कोलकाता, 20 जनवरी (हि.स.)।
माघ महीने की शुरुआत के साथ ही पश्चिम बंगाल में सर्दी लगभग विदाई की ओर बढ़ती दिख रही है। राज्य में तापमान लगातार ऊपर चढ़ रहा है। मंगलवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह और शाम हल्की ठंडक बनी रहने के बावजूद दिन में तेज धूप के कारण ठंड का असर काफी हद तक कम होता जा रहा है।
अलीपुर मौसम विभाग की ओर के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में बंगाल में शुष्क मौसम बना रहेगा और तापमान में और वृद्धि की संभावना है। कोलकाता में अगले एक सप्ताह तक आसमान मुख्यतः साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है। शहर का अधिकतम तापमान हाल के दिनों में 25.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है।
मौसम विभाग ने बताया कि हवा में नमी की मात्रा अधिक रहने के कारण तड़के सुबह हल्की धुंध या कोहरे का असर थोड़ा बढ़ सकता है। माघ के इस दौर में ही कई लोग रजाई-कंबल समेटने की तैयारी शुरू कर चुके हैं।
दक्षिण बंगाल के जिलों में सुबह के समय हल्का कोहरा रह सकता है, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, आसमान साफ होता जाएगा और ठंड का प्रभाव और कम होगा। वहीं उत्तर बंगाल में भी अगले कुछ दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। दार्जिलिंग और पहाड़ी इलाकों में न्यूनतम तापमान तीन से पांच डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है। मालदा और उत्तर दिनाजपुर समेत मैदानी जिलों में तापमान 10 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है और बुधवार को एक और नया विक्षोभ बनने की संभावना है, जिससे उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं का प्रवाह बाधित हो रहा है। साथ ही दक्षिण भारत से उत्तर-पूर्वी मानसून की विदाई के बाद मौसम में धीरे-धीरे बदलाव आ रहा है।
केवल बंगाल ही नहीं, बल्कि देश के अन्य राज्यों में भी सर्दी का असर कम हो रहा है। उत्तर भारत में भी शीतलहर की तीव्रता में गिरावट दर्ज की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर
