बाराबंकी, 26 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंकी में गणतन्त्र दिवस समारोह के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन्स परेड ग्राउण्ड में परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि राज्य मंत्री सतीश चन्द्र शर्मा द्वारा तिरंगा फहरा कर परेड का निरीक्षण किया गया।
पुलिस अधीक्षक बाराबंकी अर्पित विजयवर्गीय द्वारा परेड को शपथ दिलाई गई। क्षेत्राधिकारी सदर सौरभ श्रीवास्तव द्वारा परेड कमांडर प्रथम के रुप में परेड का नेतृत्व किया गया। तथा परेड कमाण्डर द्वितीय उप निरीक्षक शमशुद्दीन अहमद व तृतीय परेड कमाण्डर वरिष्ठ उप निरीक्षक अमर सिंह रहे। परेड में कुल 09 टोलियों ने प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी व जनपद के न्यायिक, प्रशासनिक, पुलिस अधिकारी व जनता के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा परेड कमाण्डर्स, विजेता टोली कमाण्डर एवं सराहनीय कार्य करने वाले कर्मियों को पुरस्कृत किया गया। स्वतन्त्रता संग्राम सेनानी आश्रिता रमाकन्ती देवी पत्नी स्व0 राम चन्द्र निवासिनी ग्राम व पोस्ट हरख थाना जैदपुर जनपद बाराबंकी को सम्मानित किया गया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रधान परिचालक, रेडियो शाखा प्रेम चन्द्र आनंद को गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा प्रदत्त अति उत्कृष्ट सेवा पदक, थाना सतरिख पर नियुक्त आरक्षी प्रमोद सिंह को उत्कृष्ट सेवा पदक तथा मु0आ0 चालक कमलेश राम परिवहन शाखा को प्रशंसा चिन्ह (स्वर्ण), प्रभारी निरीक्षक थाना रामसनेहीघाट जगदीश प्रसाद शुक्ला को प्रशंसा चिन्ह (रजत), उ0नि0 रेडियो विनोद कुमार दीक्षित को उत्कृष्ट सेवा सम्मान, उ0नि0 श्याम बाबू को प्रशंसा चिन्ह (रजत), उ0नि0 उपेन्द्र यादव थाना सतरिख को प्रशंसा चिन्ह (रजत), उ0नि0 हरेराम उपाध्याय, मु0आ0 चालक सुनील दत्त तिवारी, मु0आ0 चालक हौसिला प्रसाद को पुलिस महानिदेशक द्वारा प्रदत्त सराहनीय सेवा सम्मान से सम्मानित किया गया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र/छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी
