पूंछ 26 जनवरी (हि.स.)। जिला मुख्यालय पूंछ में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह बड़े उत्साह, देशभक्ति के जोश और व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जल शक्ति, वन, पारिस्थितिकी एवं पर्यावरण तथा जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद अहमद राणा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी ली।
समारोह में समाज के विभिन्न वर्गोंकृछात्रों, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों और सिविल सोसाइटी के सदस्योंकृकी बड़ी भागीदारी देखने को मिली, जिसने राष्ट्रीय एकता और गौरव की भावना को सशक्त रूप से प्रदर्शित किया। देशभक्ति नारों के बीच लहराता तिरंगा पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत कर गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण स्कूली छात्रों और विभिन्न टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत अनुशासित एवं सुसंगठित मार्च-पास्ट रहा। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनमें भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, एकता और देशभक्ति की झलक देखने को मिली। इन प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा। समारोह में विधायक हवेली अजय अहमद जान, उपायुक्त पूंछ अशोक कुमार शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शफकत भट्ट, डीडीसी सदस्य चैधरी अब्दुल गनी व चैधरी रियाज बशीर नाज, अधिवक्ता महरूफ खान, अधिवक्ता नजीर चैधरी सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री जावेद अहमद राणा ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों के अद्वितीय बलिदानों की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान ने देश को एक संप्रभु, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में मजबूत आधार प्रदान किया है। मंत्री ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे जैसे संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान करते हुए कहा कि इन्हीं सिद्धांतों के बल पर एक समावेशी और प्रगतिशील भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने जिले में चल रही विभिन्न विकासात्मक योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण, रोजगार सृजन और युवाओं, महिलाओं तथा जनजातीय समुदायों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नागरिकों से संविधान में निहित आदर्शों को व्यवहार में उतारने, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और एक शांतिपूर्ण व समृद्ध राष्ट्र के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की। इस अवसर पर उत्कृष्ट सेवाओं और उल्लेखनीय योगदान के लिए कई अधिकारियों और व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया
