आसनसोल, 26 जनवरी (हि. स.)। जिला प्रशासन की ओर से 77वां गणतंत्र दिवस समारोह आसनसोल के ऐतिहासिक पोलो ग्राउंड में अत्यंत गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया।
इस अवसर पर पश्चिम बर्दवान के जिलाधिकारी एस. पोन्नमबलम ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया और देश के संविधान व लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
ध्वजारोहण के साथ ही पूरा पोलो ग्राउंड भारत माता की जय और देशभक्ति नारों से गूंज उठा। समारोह के दौरान भव्य परेड और सलामी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसने उपस्थित लोगों के भीतर राष्ट्रप्रेम की भावना को गति दी। परेड में अनुशासन, एकता और देशभक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।
गणतंत्र दिवस समारोह के अंतर्गत राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित आकर्षक टैबलो भी प्रस्तुत किए गए। इन टैबलो के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण और विकास से जुड़ी योजनाओं की झलक दिखाई गई।
जिलाधिकारी एस. पोन्नमबलम ने टैबलो का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रस्तुति की सराहना की और अधिकारियों को जनता तक योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से पहुंचाने का संदेश दिया। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस समारोह ने गणतंत्र दिवस की गरिमा, गौरव और संवैधानिक महत्व को भली-भांति दर्शाया। बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी और आम नागरिक इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बने।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा
