रांची, 26 जनवरी (हि.स.)। डीएवी आनंद स्वामी पब्लिक स्कूल, हेहल में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में सोमवार को मनाया गया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने शिक्षकों के साथ मिलकर झंडोत्तोलन किया।
समारोह के दौरान छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की विविधता और देशप्रेम की भावना को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। देशभक्ति गीतों, हिंदी एवं अंग्रेजी भाषणों, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि अजय नाथ शाहदेव, विद्यालय की प्राचार्या डॉ. रेशू चौधरी तथा अन्य अतिथि वक्ताओं ने अपने संबोधन में गणतंत्र दिवस के महत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा पर प्रकाश डाला। अजय नाथ शाहदेव ने राष्ट्र निर्माण में बच्चों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। मौके पर राष्ट्रीय स्तर पर डीएवी खेलों की विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। प्राचार्या ने अभिभावकों को भी सम्मान प्रदान किया। कार्यक्रम का समापन वरिष्ठ शिक्षक पी.के. मोहंती के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। समारोह में छात्र, शिक्षक, विद्यालय के स्टाफ सदस्य, बच्चे सहित बड़ी संख्या में अन्य लोग मौजूद थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar
