– नेशनल बुक ट्रस्ट की दो महत्वपूर्ण पुस्तकों का होगा विमोचन
नई दिल्ली, 27 जनवरी (हि.स.)। दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध विवेकानंद महाविद्यालय में 29 एवं 30 जनवरी को “भारतीय भाषा परिवार: भारतीय भाषाओं के माध्यम से राष्ट्रीय एकता” विषय पर द्वि-दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस सम्मेलन का आयोजन महाविद्यालय के हिन्दी विभाग द्वारा शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की भारतीय भाषा समिति के सहयोग से किया जा रहा है। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य भारतीय भाषाओं की बहुलता के माध्यम से राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करना तथा भाषाई अध्ययन से जुड़े नवीन शोध और विमर्श को अकादमिक मंच प्रदान करना है।
इस अवसर पर देशभर से प्रख्यात भाषाविद्, शोधकर्ता, प्राध्यापक एवं भाषा-अध्ययन से जुड़े विशेषज्ञ भाग लेंगे।
सम्मेलन के दौरान नेशनल बुक ट्रस्ट, इंडिया द्वारा ‘भारतीय भाषा परिवार’ विषय पर आधारित दो महत्वपूर्ण पुस्तकों का विमोचन भी किया जाएगा। विमोचित होने वाली पुस्तकों के शीर्षक हैं—
“भारतीय भाषा परिवार: ए न्यू फ्रेमवर्क इन लिंग्विस्टिक्स” तथा
“कलेक्टेड स्टडीज़ ऑन भारतीय भाषा परिवार: पर्सपेक्टिव्स एंड होराइजंस”।
ये दोनों पुस्तकें भारतीय भाषा समिति द्वारा संचालित एक व्यापक अध्ययन परियोजना पर आधारित हैं, जिनमें देश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े भाषा-विज्ञान एवं भाषा-अन्वेषण विशेषज्ञों के महत्वपूर्ण शोध लेख संकलित हैं।
विवेकानंद महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. पिंकी मौर्य के संरक्षण में इस राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन की संयोजक डॉ. शीतल तथा सह-संयोजक डॉ. नम्रता सिंह हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी
