बीकानेर, 28 जनवरी (हि.स.)। केन्द्रीय कृषि, कृषक कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भावना मेघवाल मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा दो दशकों से कन्या विवाह का पुण्य कार्य किया जा रहा है। यह कार्य हम सभी के लिए मिसाल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार महिला कल्याण के महायज्ञ को लेकर संकल्पित भाव से कार्य कर रही है।
केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार को पाॅलिटेक्निक काॅलेज मैदान में भावना मेघवाल मेमोेरियल ट्रस्ट द्वारा आयोजित बीसवें सामूहिक विवाह एवं प्रतिभा सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।
केन्द्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि केन्द्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल द्वारा अपनी दिवंगत बेटी की स्मृति को अक्षुण्ण रखते हुए सैकड़ों बेटियों के जीवन की ज्योति प्रकाशित की है। उन्होंने बीकानेर को शौर्य और धैर्य की भूमि बताया तथा कहा कि यहां के लोग विकसित और आत्मनिर्भर भारत का संकल्प पूरा करने में अपनी भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यहां के लोग दुनिया भर में अपनी कर्मण्यता से प्रेरणा दे रहे हैं।
केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि समाज में बेटे और बेटी के बीच कोई भेद नहीं हो। बेटी को बोझ नहीं समझें और उसके जन्म पर भी खुशियां बरसें। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा भी पहली बार विधायक बनने के साथ वर्ष 1991 में ही बेटियों के विवाह की व्यवस्था शुरू की, जो अब तक चल रही है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री बनने केे बाद राज्य सरकार ने लाखों बेटियों का विवाह करवाया।
केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री अजय टम्टा ने कहा कि केन्द्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के नेतृत्व में भावना मेघवाल मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा यह पुनीत कार्य समाज में नए उत्साह का संचार करने वाला तथा सामाजिक जीवन को सशक्त बनाने वाला है। ट्रस्ट द्वारा दिवंगत भावना मेघवाल की स्मृति बेटियों को आगे बढ़ाने के इस कार्य को हमेशा याद रखा जाएगा।
केन्द्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बताया कि भावना मेघवाल मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा वर्ष 1999 से सामाजिक सरोकारों की विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। वर्ष 2007 से अब तक 599 बेटियों को सामूहिक विवाह समारोहों के दौरान विवाह बंधन में बांधा गया है। उन्होंने ट्रस्ट की अन्य गतिवधियों के बारे में बताया। उन्होंने लोकगीतों और कहावतों के माध्यम से बेटियों के सुखद जीवन की कामना की और उन्हें आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया।
गुरु रविदास विश्व महापीठ के राष्ट्रीय महामंत्री तथा भावना मेघवाल मेमोरियल ट्रस्ट से जुड़े रवि शेखर मेघवाल ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने ट्रस्ट द्वारा अब तक आयोजित गतिविधियों के बारे में बताया और कहा कि इस वर्ष 61 जोड़ों को दाम्पत्य सूत्र में बांधने के साथ लगभग 350 प्रतिभावान बेटियों को सम्मानित किया गया है।
इस दौरान केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दाम्पत्य सूत्र में बंध रही बेटियों को आशीर्वाद दिया और कहा कि आज अर्जुन राम मेघवाल के प्रयासों से उनकी 61 भांजियां दाम्पत्य सूत्र में बंधी हैं। उन्होंने सम्मानित होने वाली मेघावी बालिकाओं को आगे बढ़ने की सीख देते हुए समाज एवं देश के लिए सकारात्मकता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
तीनों केन्द्रीय मंत्रीगणों ने नवविवाहित वर-वधुओं के बीच पहुंचकर उन्हें आशीर्वाद दिया। केन्द्रीय मंत्री ने विवाह मंडप का अवलोकन किया तथा समारेाह में आए हजारों लोगों को पंक्तिबद्ध तरीके से भोजन करवाने की व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरान संस्कारों और परम्परागत व्यवस्था का ध्यान रखा जाना, अनुकरणीय है।
इस दौरान भावना मेघवाल मेमोरियल ट्रस्ट की प्रधान ट्रस्टी पाना देवी मेघवाल, ट्रस्टी सुशीला वर्मा, पूर्व महापौर सुशीला कंवर राजपुरोहित, श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, एनएचएआई के परियोजना प्रबंधक अजय कुमार आर्य, रचना, नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष महावीर रांका, श्याम पंचारिया, सुमन छाजेड़, चम्पालाल गेदर, महावीर रोड़ा, विक्रम सिंह राजपुरोहित, मोहन सुराणा सहित अन्य मौजीज लोग मौजूद रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव
