गंदेरबल, 28 जनवरी (हि.स.)।
मध्य कश्मीर के गंदेरबल जिले के सरबल इलाके के पास हिमस्खलन होने के बाद सोनमर्ग में बर्फ का एक बड़ा सैलाब आया है। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने या नुकसान की कोई खबर नहीं है। एक अधिकारी ने बताया कि हिमस्खलन जो सीसीटीवी में कैद हुआ सोनमर्ग में ट्रक यार्ड के पास हुआ। उन्होंने कहा कि इलाके में भारी बर्फबारी के कारण हिमस्खलन हुआ। उन्होंने आगे कहा इस घटना में अब तक किसी के हताहत होने या नुकसान की कोई खबर नहीं है।
आस-पास के होटलों के सीसीटीवी में कैद कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए जिनमें बर्फ का एक सैलाब इलाके में कुछ इमारतों के ऊपर से बहता हुआ दिख रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि संबंधित अधिकारी स्थिति पर नजर रख रहे हैं जबकि टीमों को इलाके में भेजा गया है। उन्होंने कहा हिमस्खलन से उड़ी बर्फ पास के गांव में कई घरों और इमारतों के ऊपर से बह गई।
घटना की पुष्टि करते हुए एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि सोनमर्ग इलाके में हिमस्खलन हुआ लेकिन कोई हताहत या संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ। उन्होंने कहा अधिकारी स्थिति पर नजर रख रहे हैं और निवासियों को हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / SONIA LALOTRA
